बरेली। महिला अस्पताल प्रशासन ने लिखित शिकायत न मिलने का बहाना बनाकर एनएचएम की टीम से हुई अवैध वसूली की शिकायतों को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। कार्रवाई तो बहुत दूर की बात है, यहा दोषियों से स्पष्टीकरण तक नहीं मांगा गया है।
शुक्रवार को सीएमएस डॉ. अलका शर्मा से शिकायत करके सुनील कुमार ने प्रसव के बाद बेटी देने के लिए दो हजार रुपये की रिश्वत लेने का आरोप लगाया था। साथ ही 12 दिसंबर को जिला अस्पताल में निरीक्षण करने पहुंची एनएचएम की टीम से एसएनसीयू वार्ड में धन उगाही की शिकायत हुई थी। इस पर टीम ने घटना के दिन ड्यूटी पर तैनात स्टाफ का स्पष्टीकरण मांगने को कहा था। मगर महिला अस्पताल प्रशासन ने दोनों मामले ठंडे बस्ते में डाल दिए हैं। सीएमएस डॉ. अलका शर्मा का कहना है कि सुनील कुमार से लिखित शिकायत मांगी थी लेकिन अब तक उनकी शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलते ही जांच शुरू कराई जाएगी। एसएनसीयू मामले में स्टाफ से स्पष्टीकरण मांगा गया है। सोमवार तक सबके जवाब आ जाएंगे। फिर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।