बरेली। जिला महिला अस्पताल में गुरुवार को निरीक्षण के दौरान एनएचएम की टीम को अस्पताल में तमाम खामियों के साथ ही रोगियों से धन उगाही की शिकायतें मिली थी। इस पर टीम ने 11 दिसंबर को ड्यूटी करने वाले पूरे स्टॉफ से स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन अभी तक किसी डॉक्टर ने स्पष्टीकरण नहीं दिया है।
महिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में एक तीमारदार ने टीम से शिकायत की थी कि 11 दिसंबर को अस्पताल में जितने भी प्रसव हुए सभी से धन उगाही हुई है। इस पर टीम ने सीएमएस से इस दिन अस्पताल में तैनात पूरे स्टाफ से स्पष्टीकरण मांगा था। कहा था कि स्पष्टीकरण लेकर टीम को 24 घंटे में रिपोर्ट की जाए, लेकिन शुक्रवार शाम तक किसी डॉक्टर ने स्पष्टीकरण नहीं दिया। सीएमएस डॉ. अलका शर्मा ने बताया कि 11 दिसंबर को तैनात स्टॉफ से शुक्रवार को पूछताछ की गई थी। सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।