बरेली। डेंगूू के बाद अब निमोनिया ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। सर्दी शुरू होते ही बच्चों के निमोनिया ने चपेट में लेना शुरू कर दिया है। जिला अस्पताल में सोमवार को निमोनिया पीड़ित पांच बच्चाें को भर्ती किया गया।
बीते एक सप्ताह से डेंगू का कोई नया मरीज नहीं मिला है। सर्दी बढ़ने से डेंगू का प्रकोप थमा तो बच्चों में निमोनिया का खतरा बढ़ गया। सोमवार को पांच बच्चे निमोनिया से पीड़ित पहुंचे तो उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। बता दें कि नवंबर में माह में दो बच्चों की निमोनिया से मौत हो चुकी है। भमौरा क्षेत्र के सरदार नगर निवासी चार वर्षीय मोहिनी निमोनिया से पीड़ित थी। इसके अलावा वह कुपोषित थी। एनआरसी वार्ड में छह नवंबर को उसकी मौत हो गई थी। वहीं 10 नवंबर को कटरा अलीगंज के सात वर्षीय अंकित की मौत हो गई थी। बच्चा वार्ड इंचार्ज वेदीलाल ने बताया कि मां को चाहिए वह बच्चे को पूरी तरह से गर्म कपड़ों से ढक कर रखे। पैरों में नायलान के बजाए ऊनी कपड़े के मोजे पहनाएं। लापरवाही करने पर बच्चे इसकी चपेट में आ सकते हैं।