बरेली। डीएम नितीश कुमार शुक्रवार दोपहर जिला अस्पताल के निरीक्षण पर पहुंचे। यहां उन्होंने सीएमएस कार्यालय, ब्लड बैंक, ओटी व ओपीडी और एनआरसी का निरीक्षण किया। सफाई व्यवस्था और बेहतर करने की बात कही। कहा कि जो डॉक्टर अनुपस्थित मिले हैं उनकी जांच करायी जाएगी कि बिना बताए छुट्टी पर तो नहीं थे। अस्पताल मैनेजर पूजा चौहान से कहा कि सक्रिय रहिए और ठीक से काम करिए। सीएमएस कार्यालय में रिकॉर्ड का गहनता से निरीक्षण करते हुए 2019-20 वित्तीय वर्ष में हुए व्यय प्रतिपूर्ति का लेखाजोखा की रिपोर्ट देने को कहा।
निरीक्षण करने पहुंचे डीएम ने सीएमएस कार्यालय में उपस्थिति रजिस्टर देखा। इसमें कुछ ऐसे भी डॉक्टर थे जिनके हस्ताक्षर थे लेकिन वह उस समय अस्पताल में नहीं मिले। इस पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया। व्यय प्रतिपूर्ति रजिस्टर क्रमबद्ध न देख नाराजगी जताते हुए कहा कि आगे से ऐसा न हो। कुछ प्रकरण लंबित देख कहा कि इन सभी का जल्द निस्तारण कराएं। कार्यालय की व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए सीएमओ से कहा कि व्यवस्था को और बेहतर करिए। सीएमएस कार्यालय में लिपिक पटल पर अस्पताल मैनेजर पूजा चौहान को बैठा देख कहा कि आप यहां बैठने के लिए सीएमएस के साथ में आपको होना चाहिए। व्यवस्थाओं के बारे में आपको जानकारी देनी चाहिए। इसके बाद डीएम ने दवा वितरण कक्ष व दवा वितरण रूम में जाकर फॉर्मासिस्ट से दवाओं के स्टॉक के बारे में जानकारी ली। सीएमओ से कहा कि अस्पताल में सिर्फ वही दवाएं मंगाए जो डॉक्टर लिख रहे हैं। इसके बाद ओपीडी, ओटी और रैन बसेरे का निरीक्षण सफाई व्यवस्था और दुरुस्त करने को कहा।
एनआरसी का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम को बच्चे कम मिले। इस पर उन्होंने प्रभारी डॉक्टर से कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से समन्वय कर इसके संचालन को मानक अनुसार कर एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करेें। इतने बड़े जिले के इस केंद्र के आधे बेड खाली रहना चिंताजनक है। इस मौके पर सीएमएस डॉ. टीएस आर्या, एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम आदि मौजूद रहे।
करते रहे निरीक्षण, नहीं दिखा मेडिकल वेस्ट
डीएम नितीश कुमार का निरीक्षण किया और इसके बाद उसके पीछे बने इमरजेंसी में भी निरीक्षण करने पहुंचे लेकिन ओटी के पीछे खुले में पडे़ मेडिकल वेस्ट नहीं देख सके। जिला अस्पताल में आए दिन मेडिकल वेस्ट को ओटी के पीछे शौचालयों के पास फेंक दिया जाता है। यहां शौचालयों की स्थिति भी बदहाल है।
तुम तो जवान हो, तुम्हें क्या दिक्कत
निरीक्षण के दौरान दवा ले रहे मरीजों से भी डीएम बात कर रहे थे। इस दौरान एक युवक को लाइन में लगा देख डीएम बोले तुम तो जवान हो तुम्हें क्या दिक्कत है। युवक बंटू ने कहा कि उसे पैर तलवे में खुजली की समस्या हुई है। ऐसे अन्य मरीजों से उनकी बीमारियां पूछ कर सुबह टहलने और व्यायाम करने की सलाह देते रहे।
‘शासन करेगा फैसला कब शिफ्ट होगा जिला अस्पताल’
बरेली। जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम नितीश कुमार ने सुपर स्पेशलियटी अस्पताल में जिला अस्पताल के शिफ्ट होने के सवाल पर कहा कि इसका फैसला शासन करेगा। तीन सौ बेड के सुपर स्पेशलियटी अस्पताल में जिला अस्पताल के शिफ्ट होने की चर्चाएं रोज गरम रहती हैं। स्वास्थ्य अधिकारी भी आए दिन अस्पताल शिफ्ट करने की संभावनाएं खोजने के लिए वहां का दौरा करते रहते हैं। हाल में ही सीएमएस ने ओपीडी शिफ्ट करने के लिए तीन सौ बेड अस्पताल का निरीक्षण किया था। शुक्रवार को डीएम ने इस पर तस्वीर को साफ कर दिया। कहा कि जो भी संभावनाएं वहां शिफ्टिंग को लेकर हो सकती है। इस बारे में शासन को बता दिया गया है, जरुरतों के बारे में बता दिया गया है। अब शासन इसे लेकर फैसला करेगा। जब शासन से आदेश होगा जिला अस्पताल को शिफ्ट कर दिया जाएगा।