बरेली। इन दिनों जिले में डेंगू और वायरल फीवर से हाहाकार मचा हुआ है। डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। आलम यह है कि जिला अस्पताल में मरीजों को भर्ती करने के लिए बेड कम पड़ रहे हैं। गुरुवार को डेंगू वार्ड में 11 मरीज थे, जबकि यहां 10 रोगियों को भतर्ची करने की ही व्यवस्था है। मेडिकल वार्ड का भी हाल खराब है। यहां एक बेड पर दो-दो मरीज भर्ती हैं। दस साल के एक बच्चे को भी डेंगू की पुष्टि हुई है। उसे डेंगू वार्ड में भर्ती किया गया है।
जिला अस्पताल में गुरुवार को दो हजार से ज्यादा मरीज पहुंचे। ओपीडी में सुबह से ही लगी लंबी लाइन दोपहर तक बनी रही। सबसे ज्यादा भीड़ फिजीशियन के पास नजर आई। पचास फीसदी से ज्यादा मरीज वायरल फीवर के पहुंचे। गुरुवार को जिला अस्पताल में डेंगू के चार मरीज पहुंचे। इनमें से तीन को डेंगू वार्ड में भर्ती किया गया है। एक संदिग्ध था, उसे जांच के लिए भेजा गया है। एक दस साल का बच्च भी डेंगू का शिकार हो गया है। डेंगू वार्ड में बुधवार को आठ मरीज थे, जो अब बढ़कर 11 हो गए हैं। जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. वागीश वैश्य के अनुसार सबसे ज्यादा बुखार के मरीज आ रहे हैं। बुखार पीड़ितों की प्लेटलेट्स भी बहुत तेजी से कम हो रही हैं। जिला अस्पताल में गुरुवार को कई ऐसे मरीज थे, जिनकी बुखार में प्लेटलेट्स काफी कम हो गईं। उनको मेडिकल वार्ड में भर्ती किया गया है।