बरेली। शहर में वायु प्रदूषण की बढ़ती समस्या से बचाव को एसएसपी ने गुरुवार शाम चौकी चौराहे पर मॉस्क बांटे। ट्रैफिक ड्यूटी स्टॉफ के साथ ही बुजुर्गों को भी मॉस्क दिए गए। लोगों से कचरा न जलाने का आह्वान किया गया। यातायात नियम तोड़ने वालों को फूल देकर शर्मसार किया।
धुंध और विषैले होते वातावरण से हालिया दिनों में बरेली का माहौल भी बिगड़ा है। लोगों खासकर सुबह-शाम टहलने वाले बुजुर्गों और धूल भरे चौराहों पर ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों व होमगार्डों को इस स्थिति से दिक्कत हो रही है। ट्रैफिक पुलिस ने विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से गुरुवार शाम चौकी चौराहे पर एक कार्यक्रम किया। इसमें एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने ट्रैफिक स्टॉफ, होमगार्ड के साथ ही रास्ते से गुजर रहे बुजुर्गों को मॉस्क बांटे। कहा कि धूल धुएं से बचें। पौधे लगाने का भी आह्वान किया। चौराहे पर कई लोग बिना हेलमेट या कार में बिना सीट बेल्ट लगाए निकले तो एसएसपी व एसपी ट्रैफिक ने इन्हें रोक लिया। पहले लोग कार्रवाई के डर से घबराए पर जब उन्हें फूल देकर नियम पालन करने को कहा गया तो शर्मिंदा होकर निकल लिए। एसएसपी ने कहा कि हेलमेट व सीट बेल्ट कार्रवाई के डर से नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए लगाएं।
स्कूलों में कार्यक्रम, चालान भी काटे
यातायात माह में चलाए जा रहे अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस ने कांति कपूर बालिका इंटर कॉलेज, एफआर इस्लामियां इंटर कॉलेज, लतादीप इंटर कॉलेज आदि विद्यालयों में जाकर यातायात के नियम समझाए। ट्रैक्टर-ट्रालियों पर रिफ्लेक्टर लगाए। लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। साथ ही 582 वाहनों के चालान करके एक लाख 64 हजार चार सौ रुपये जुर्माना वसूला। ब्यूरो