बरेली। जनपद में इस समय डेंगू का प्रकोप फैला हुआ है। स्वास्थ्य विभाग भी इसे लेकर चौकन्ना दिखा रहा है। मलेरिया विभाग की टीम प्रतिदिन डोर टू डोर पहुंच रही है। बुधवार को भोजीपुरा और सीबीगंज में कई घरों की जांच की गई। इस दौरान 31 घरों में डेंगू के लार्वा मिले। टीम ने डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक किया और दवा का छिड़काव भी कराया।
मलेरिया अधिकारी देशराज सिंह बुधवार को मलेरिया इंस्पेक्टर की टीम के साथ ब्लॉक भोजीपुरा के पार्क एवेन्यू कॉलोनी, गांव अभयपुर, कटियार कॉलोनी, गांव भोजीपुरा के 119 घरों में पहुंच कर लार्वा की जांच की। यहां तीन घराें में फ्रिज की ड्रिप में लार्वा पाया गया। ग्रामीणों को पंफलेट बांटकर जागरूक किया गया। इसके अलावा एक अन्य टीम सीबीगंज के तिलियापुर गांव पहुंची। यहां 126 घरों में निरीक्षण किया गया। यहां 28 घरों में डेंगू का लार्वा मिलने पर लोगों को जागरूक किया गया। मलेरिया इंस्पेक्टर गुलशन, स्वेता पांडेय, योगेंद्र कुमार सिंह, डॉ. अखिलेश्वर सिंह ने घरों व आसपास लार्वानाशक स्प्रे, पायरेथ्रम स्प्रे का छिड़काव कराया। इसके अलावा टीम ने प्राथमिक विद्यालय तिलियापुर में बच्चों को डेंगू के लक्षण व उपायों के बारे में जानकारी दी। बच्चों को लार्वा पाए जाने वाले स्थानों के बारे में बताया गया।
तिलियापुर में 100 ग्रामीणों के लिए ब्लड सैंपल
बरेली। तीन दिनों में सीबीगंज क्षेत्र के गांव तिलियापुर में बुखार से चार लोगाें की मौत हो चुकी है। गांव में बुखार से कोहराम मचा हुआ है। अभी भी करीब दो दर्जन से अधिक लोग शहर के निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहगंज की ओर से कैंप लगाकर 100 ग्रामीणों का ब्लड सैंपल लिया। लैब सहायक अभिनव शर्मा व योगेंद्र सिंह ने बताया कि डेंगू की जांच के लिए सैंपल लिया गया है। इसके अलावा चिकित्सकाें की टीम ने बुखार से पीड़ित ग्रामीणों को दवाएं भी वितरित की।