बरेली। बीएससी नर्सिंग में पहले चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। लेकिन कुछ सीटें खाली बची हैं। इन सीटों को भरने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने कॉलेजों से खाली सीटों का ब्योरा मांगा है।
बरेली और मुरादाबाद मंडल में रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध नौ कॉलेजों में बीएससी नर्सिंग का पाठ्यक्रम संचालित होता है, जिनमें 350 सीटें हैं। आठ सितंबर को हुई प्रवेश परीक्षा में 607 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। इनके लिए 27 और 28 सितंबर को पहले चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया हुई थी। मगर इसके बावजूद कुछ सीटें खाली बची हुई हैं और कॉलेज संचालक इन सीटों को भरने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन से लगातार संपर्क कर रहे हैं। इसको देखते हुए रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने इन कॉलेजों से शुक्रवार तक खाली सीटों का ब्योरा तलब किया है। विश्वविद्यालय के प्रवेश समन्वयक प्रो. एसके पांडेय ने बताया खाली सीटों का ब्योरा आने के बाद इन सीटों पर एडमिशन की प्रक्रिया तय की जाएगी।