बरेली। टीबी के मरीजों को खोजकर स्वास्थ्य विभाग उनको इलाज मुहैया कराएगा। इसके लिए 12 से 23 अक्तूबर के बीच टीमें लगाकर खोजी अभियान चलाया जाएगा। मरीजों को चिह्नित कर उनका इलाज किया जाएगा। जागरूकता के लिए जगतपुर मेडिकल केयर यूनिट की तरफ से शनिवार को रैली भी निकाली गई।
जिले में 10 से 20 जून तक खोजी अभियान चलाया गया था, इसमें 505081 व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें 134 टीबी रोगी निकले। अब 12 से 23 अक्तूबर के बीच खोजी अभियान चलाया जाएगा। टीमें गांव-गांव जाकर स्क्रीनिंग करेंगी। बलगम एकत्र कर केंद्र पर जांच कराएंगी। इलाज की जिम्मेदारी भी टीमों को दी गई है। शनिवार को निकाली गई जागरूकता रैली में कई कॉलेजों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। रैली का उद्घाटन जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार गर्ग ने किया। सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ल ने बताया कि टीबी के मरीजों की स्क्रीनिंग के लिए अभियान शुरू किया जा रहा है। रैली में पूरनमल माहौर वैश्य सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य गोविंद पाराशरी, निखिल बंसल, विजय कुमार, शलभ सक्सेना आदि मौजूद रहे।