बरेली। जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को एक सिपाही दलाल के साथ दूसरे सिपाही का पर्चा बनवाकर दवाई लेने पहुंचे। डॉक्टर ने मरीज को लाने को कहा तो उसे मोहर्रम ड्यूटी में बता दिया। डॉक्टर ने इनकार किया तो बोला- डॉक्टर साहब दवा नहीं दोगे तो हम लोग आपकी सुरक्षा नहीं करेंगे। डॉक्टर सीएमएस से शिकायत करने के लिए उठे तो दोनों भाग निकले।
मंगलवार दोपहर डॉ. केवी पाठक ओपीडी में मरीजों को देख रहे थे। इसी बीच एक सिपाही दलाल के साथ रमेश चंद्र नाम के किसी व्यक्ति का पर्चा लेकर उनके पास पहुंचा। डॉक्टर ने मरीज दिखाने को कहा तो बोला कि उसके घुटने में चोट लगी है और वह मोहर्रम ड्यूटी पर है। आप दवा लिख दीजिए। डॉक्टर ने बिना मरीज देखे दवा देने से इनकार कर दिया और उनके पर्चे पर लिख दिया कि बिना मरीज लाए दवाई लेना चाहते हैं। इस पर सिपाही डॉक्टर को हड़काने लगा। बोला, डॉक्टर साहब, दवा नहीं लिखोगे तो सोच लेना पुलिस से सुरक्षा भी नहीं मिलेगी। डॉक्टर दोनों को सीएमएस के पास लेकर जाने लगे तो वे भाग निकले। डॉक्टर ने आशंका जताई कि ये लोग संभवत: अपने साथी को घायल बताकर ड्यूटी से गायब होने के मामले में बचाना चाहते होंगे।