बरेली। सावन शुरू होने वाले हैं और नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान छेड़ दिया है। ऐसे में यह अभियान मजाक बनकर रह गया है। शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने चौकी चौराहे से नावल्टी चौराहे तक अभियान चलाया। मगर इस दौरान सिर्फ कुछ दुकानों के बोर्ड तोड़ गए और दो जेनेरेटर जब्त किए गए।
अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर काफी जद्दोजहद के बाद निगम टीम ने शुक्रवार दोपहर कोतवाली से फोर्स मिलने के बाद अभियान शुरू किया। अभियान प्रभारी ललतेश सक्सेना की अगुवाई में निकली निगम टीम ने कार्रवाई के नाम पर चौकी चौराहे पर खोखा हटवाया। इसके बाद हीरो की एजेंसी की सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ दी। होटल कृष्णा लॉज का सिक्योरिटी गार्ड रूम भी जब्त कर लिया। फिर मोटर सेंटर, होटल सीता किरन, मोबाइल शॉप, बैंक ऑफ बड़ौदा, मान्यवर, सस्ता साड़ी भंडार आदि के सड़क किनारे लगे बोर्ड तोड़कर जब्त कर लिए। इसके बाद अयूब खां चौराहे के पास नीलकमल साड़ीज और सरोवर साड़ीज का सड़क किनारे रखा जेनरेटर जब्त किया। यहां पर हल्का विरोध भी हुआ लेकिन निगम टीम ने सख्ती दिखाकर व्यापारियों से जुर्माना देकर जेनरेटर छोड़ने को कहा। इस दौरान धनवीर सिंह, जयपाल पटेल, हीरालाल, आनंद स्वरूप आदि मौजूद रहे।