अवैध खनन की ट्रैक्टर-ट्राली ने कार में मारी टक्कर
सीबीगंज के परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में बेखौफ दौड़ रही अवैध खनन में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली से झुमका तिराहे पर एक कार की टक्कर हो गई। इसके बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया। रविवार रात नौ बजे बरेली-दिल्ली हाईवे पर परसाखेड़ा में डीपीएस स्कूल के पास यह हादसा हुआ। परसाखेड़ा गांव के पास से अवैध खनन में प्रयुक्त बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली औद्योगिक क्षेत्र में मिट्टी डालने जा रही थी।
स्कूल के पास से कार हाईवे की तरफ पहुंची तो तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राॅली ने उसमें टक्कर मार दी। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई पर उसमें बैठे लोग सकुशल बच गए। चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया। कार चालक ने पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। पीड़ित जब परसाखेड़ा चौकी पहुंचा तो पुलिस ने उसकी बात नहीं सुनी। इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि यह मामला अभी संज्ञान में नहीं आया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।