अलीगंज। रामगंगा के चौबारी तट पर आयोजित मेले के पास ही सजे नखासे में दूर-दराज से पशुपालकों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। पशुओं के खरीदार भी पहुंचने लगे हैं। नखासे में इस बार भी विभिन्न नस्ल के घोड़े भी आए हैं।
हाथरस से आया चेतक नाम का घोड़ा सबके आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। घोड़ा लेकर आए कुलदीप ने बताया कि अब तक एक लाख रुपये लग चुके हैं, मगर उन्होंने बिक्री नहीं की।
मेला स्थल पर भी तैयारियां तेज हो गई हैं। शताब्दी वर्ष होने के चलते इस बार मेले में अतिरिक्त दुकानें बनाई जा रही हैं। यहां झूले भी लगने लगे हैं। सोमवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने मेला स्थल का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने मोबाइल टॉयलेट, ट्रैफिक व्यवस्था, बैरीकेडिंग, सीसी कैमरे लगाने के साथ ही साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं को जल्द पूरा करने के लिए कहा। महिलाओं के लिए पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम बनाने, घाट के आस-पास गोताखोर एवं नाव की उचित व्यवस्था आदि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक देशदीपक, नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, मुख्य चिकित्सा अधिकारी विश्राम सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद