3 दिन में एक कदम और बढ़ना तय
वित्तमंत्री ने अफसरों के साथ ऐसे मनाई लोहड़ी, बैठक में दिए निर्देश, डीपीआर की तैयारी शुरू
0 लाल फाटक ओवरब्रिज: सेना से एनओसी के प्रयास तेज
0 आईवीआरआई ओवरब्रिज: रेलवे की गति बढ़ाने पर जोर
0 सेटेलाइट फ्लाईओवर: मुख्यालय में लटकी फाइल दौड़ाने को कहा
0 किला नया ओवरब्रिज: खुद अफसरों के साथ सर्वे करेंगे राजेश
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली।
वित्तमंत्री ने क्रिसमस के बाद लोहड़ी पर विकास कार्यों को गति देने के लिए लोहड़ी पर समीक्षा बैठक बुलाई और कार्य प्रगति परखी। मंत्री ने निर्देश दिए चौपुला नया पुल बनाने के लिए तीन दिन प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करें। किला ब्रिज के साथ एक और पुल बनाने की योजना की चर्चा कर उन्होंने कहा कि वे खुद मौके पर जाएंगे।
शनिवार को अवकाश और लोहड़ी के दिन वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल ने नगर निगम क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्य, नई सड़कों का निर्माण, संपर्क मार्ग और शहर में बनने वाले पुल प्रोजेक्टों की समीक्षा कर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने लालफाटक की स्थित पूछी तो पता चला कि अभी तक सेना से एनओसी नहीं मिल पाई है। सेटेलाइट पर प्रस्तावित फ्लाईओवर की फाइल लखनऊ मुख्यालय में अटकी होने की जानकारी दी गई। आईवीआरआई ब्रिज निर्माण प्रगति में पूर्वोंत्तर रेलवे की लापरवाही सामने आई। मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि संबंधित विभाग कोआर्डिनेशन कर प्रगति आगे बढ़ाएं। चीफ इंजीनियर लोक निर्माण विभाग एके मिश्रा और सेतु निगम अफसरों से कहा कि वे सेटेलाइट प्रोजेक्ट की फाइल आगे बढ़वाएं। लाल फाटक प्रोजेक्ट सेना से अनुमति बगैर पूरा नहीं हो पाएगा, इसलिए सेना मुख्यालय से संपर्क कर एनओसी ली जाए। पूर्वोत्तर रेलवे अफसरों से बैठक का आईवीआरआई ब्रिज में तेजी लाने को कहा। डीएम आर. विक्रम सिंह से कहा कि इन प्रोजेक्टों में तेजी लाने के लिए खुद समीक्षा करते रहे, अगले सप्ताह इसका रिव्यू होगा।
श्यामगंज ब्रिज का
बचा कार्य पूरा करें
वित्तमंत्री ने डीएम और विभागीय अफसरों से कहा श्यामगंज पुल शहर की लाइफ लाइन है। पुल तैयार है फिर भी कुछ जरूरी कार्यों पूरे न होने से चालू नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि व्यूकटर के लिए धनराशि जारी कर दी है, दो दिन में इसका काम शुरू हो जाना चाहिए। इसके अलावा अन्य सभी सुरक्षा मानक पूरे कर लिए जाएं।
चौपुला पुल: तीन दिन में डीपीआर मांगी
वित्तमंत्री ने चौपुला में प्रस्तावित तीन लेन ब्रिज को साकार करने के लिए तीन दिन डीपीआर तलब की है। उन्होंने कहा कि नए पुल से दिल्ली-लखनऊ मार्ग पर सीधे ट्रैफिक जाएगा। इससे जाम की स्थिति नहीं रहेगी। अफसरों ने बताया कि चौपुला पर प्रस्तावित नए पुल का डिजाइन तैयार कर लिया गया है। इस दौरान उद्यमी संदीप टंडन ने शहर को नए तरीके से विकसित करने का प्रेजेंटेशन दिया।
नालों की संख्या पूछी तो पसीने
छूटे निगम अफसर के
वित्त मंत्री ने नगर निगम क्षेत्र में शामिल 48 गांव, शांति विहार, माडल टाउन और सुभाषनगर रेलवे लाइन के आसपास फैली गंदगी और बदहाली पर चर्चा की। अपर आयुक्त ईश शक्ति कुमार सिंह से पूछा गया कि अब तक निगम ने क्या कार्ययोजना बनाई है, मंत्री ने फिर पूछा कि क्या वे कभी इन इलाकों में गए हैं? वे कोई जवाब नहीं दे पाए। तब उनसे पूछा कि शहर में कितने नाले हैं, इस पर ईश शक्ति बगलें झांकने लगे। ईश शक्ति सपा सरकार कार्यकाल से तैनात हैं और उन्हें पूर्व मेयर का खास माना जाता है। जलकल विभाग और जल निगम अफसर भी सीवर और पेयजल योजनाओं पर इधर उधर की बातें की तो डीएम ने हड़काया कि अमृत योजना कितनी बार समझाओगे। दो हजार करोड़ रुपये की योजना अव्यवहारिक बताते हुए डीएम ने कहा कागजों पर नहीं धरातल पर स्कीम बनाए।
हाइड्रोलिक वाहन मिलेगा
वित्तमंत्री ने शहरी बिजली सप्लाई दुरुस्त करने के निर्देश दिए और लाइनों पर आने वाले पेड़ों आदि छंटाई पर जोर दिया। इस पर अफसरों ने बताया कि पेड़ छंटाई में समस्या आती है तो उन्होंने कहा कि एक हाइड्रोलिक देने की घोषणा कर दी। बिजली चीफ इंजीनियर अंशुल अग्रवाल, एसई एनके मिश्रा, तारिक वारसी, सेतु निगम से ओमप्रकाश और सुनील गिरी आदि मौजूद रहे।