पीलीभीत। यासीन और शामीन के घर में ईद की तैयारियां चल रहीं थीं। माहौल ज्यादा खुशनुमा था। ससुराल से बहन बच्चों को लेकर ईद मनाने आई थी। सबके नए कपड़े बन गए थे। पकवान क्या बनेंगे, तय हो चुका था। लेकिन सोमवार की सुबह परिवार पर कहर बरपा। खबर आई कि नदी किनारे गए बच्चे डूब गए।
यासीन और शामीन की बहन शन्नो भाइयों के साथ ईद का त्योहार मनाने गांव आई थीं। उनकी शादी बरेली सीबीगंज के डौली मुरकपुरा में हुई है। वह अपने चौदह वर्षीय पुत्र मोहम्मद कैफ और दस वर्षीय पुत्र रेहान के साथ एक दिन पहले ही बिसेन गांव पहुंची थी। सुबह से बच्चे भैंस लेकर नदी किनारे जाने की रट लगाए थे। गांव के लोग जानवरों को चराने और नहलाने वहां लेकर जाते हैं। बच्चों का भी इसी बहाने मौजमस्ती का प्लान था। बच्चों का मन देख घर वालों ने उन्हें इजाजत दे दी।
सुबह नौ बजे के बाद यासीन का सोलह वर्षीय पुत्र फईम और शामीन का चौदह वर्षीय पुत्र मोईन अपने फुफेरे भाई रेहान और कैफ के साथ नदी किनारे पहुंच गए। उस वक्त नदी के आसपास कोई नहीं था। भैंस को नदी में उतार दिया और खेलने में मस्त हो गए। बहाव तेज होने के कारण भैंस नदी में काफी आगे निकल गई। यह देख एक-एक करके बच्चों ने नदी छलांग लगा दी और हादसे का शिकार हो गए।
रेत खनन से नदी में कई जगह गड्ढे
जिस अप्सरा नदी में बच्चे भैंस लेकर गए थे, उसमें इन दिनों बहाव काफी तेज है। नदी कई जगह उथली है। कुछ जगह पर रेत का खनन होने से गहरे गड्ढे भी बने हैं। बच्चों को यह अंदाजा नहीं था। वह तैरना भी नहीं जानते थे।
कैफ ने किसी तरह अपने को बचा लिया
नदी के बाहर खड़ा मोहम्मद कैफ तीनों को बचाने के लिए नदी में उतर गया था। उसे तैरना आता था। तेज बहाव और गहराई अधिक होने के कारण वह भी डूबने लगा तो उसने डुबकी लगाई और पानी के बहाव को काटता हुआ पानी से बाहर निकल आया। उसने नदी के बाहर रखे मोबाइल से घर पर सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग नदी पर पहुंचे तब तक तीनों बच्चे डूब चुके थे। मोहम्मद कैफ ने बताया कि कुछ देर तक एक बच्चे का सिर दिखा। थोड़ी देर बाद वो भी दिखना बंद हो गया।
बच्चों की तलाश में लापरवाही का आरोप
जहानाबाद। मोहम्मद कैफ से घटना की जानकारी मिलने के बाद घर वालों ने जहानाबाद पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर एडिशनल एसपी, सीओ सदर, अमरिया पुलिस, सुनगढ़ी पुलिस न्यूरिया पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से बच्चों को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। परिवार के लोगों ने इस बात पर नाराजगी भी जताई कि पुलिस उसी स्थान पर बच्चों को तलाश रही है, जहां वे डूबे। जबकि पानी का बहाव तेज है। निश्चित तौर पर तीनों भाई बहकर दूर तक जा चुके होंगे। आगे तलाश न करने के कारण परिजन नाराज नजर आए।