बदायूं। कोतवाली क्षेत्र में लालपुल स्थित बड़े सरकार की दरगाह के पास युवक ने शनिवार को फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसका शव पेड़ पर लटकता मिला। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
कोतवाली पुलिस को शनिवार को सूचना मिली कि बड़े सरकार की दरगाह के पास जंगल में पेड़ पर युवक का शव लटक रहा है। पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव उतारने के बाद शिनाख्त कराई गई। मृतक की शिनाख्त चौधरी सराय निवासी 30 वर्षीय आसिफ अली पुत्र अब्दुल समद के रूप में हुई। जानकारी होने पर मृतक के परिवार वाले भी पहुंच गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फंदे पर लटकने से होना बताई गई है। पिछले सप्ताह भी दरगाह के पास पेड़ पर लटककर एक मानसिक मंदित युवक ने खुदकुशी कर ली थी। दरअसल, दरगाह पर जिले समेत आसपास के जिलों के लोग मानसिक मंदितों को उनका इलाज के लिए लाते हैं। कई बार यह मानसिक मंदित तनाव में आकर यहां जंगल में पेड़ पर लटक कर खुदकुशी कर लिया करते हैं। इधर, आसिफ के परिवार ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है और न ही कोई तहरीर आदि ही दी है।