बिहारीपुर के सील इलाके में एक दुकान पर लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
तमाशबीन बनी पुलिस, अंदर और बुरा हाल, पंचायत में बैठकर गप्पें लड़ा रहे लोग
बरेली। शहर में कई हॉटस्पाट बन चुके हैं, लेकिन हॉटस्पाट में जिस तरह नियम-कायदों की धज्जियां उड़ रही हैं, वह बाकी इलाकों के लिए भी खतरा बढ़ा रही हैं। बिहारीपुर हॉटस्पाट का नजारा दूसरे दिन भी यही हालात बयां करता रहा। बाहर से तो सील होने के बाद भी अंदर लोग पुलिस के सामने ही इकट्ठे होकर गप्पे लड़ा रहे हैं और बैरियर लांघकर बाहर भी घूमने निकल रहे हैं।
मुंबई से बिहारीपुर इलाके में आया एक युवक कोरोना संक्रमित पाया गया था। इसके बाद इलाके को हॉटस्पाट घोषित कर बैरिकेडिंग लगाकर सील कर दिया गया था लेकिन इसके बावजूद यहां लगातार चहलपहल बनी हुई है। हॉटस्पाट में कोरोना का डर नजर नहीं आता। मंगलवार को इलाके में लोग कई जगह इकट्ठा होकर गप्पे लड़ाते नजर आए। लोग पुलिस के सामने ही बैरियर लांघकर आराम से बाहर भी निकलते रहे। वहीं हॉटस्पाट से करीब 100 मीटर की ही दूरी पर किशोर बाजार की तरफ एक परचून की दुकान पर लोगों की भीड़ नजर आई। हॉटस्पाट समेत आसपास के इलाकों के भी लोग वहां खरीदारी कर रहे हैं। शासन ने संक्रमण फैलने से रोकने को सख्ती करने के निर्देश दिए हैं। लेकिन यहां कोतवाली पुलिस मूक दर्शक बनी बैठी रहती है।