बरेली। शहर की सबसे बड़ी मलिन बस्ती हजियापुर के हालात बुरे हैं। नगर आयुक्त और महापौर के आदेशों के बाद भी यहां नालों की सफाई नहीं हो सकी है। अब सड़कों पर जलभराव व कीचड़ की वजह से आवागमन मुश्किल हो गया है। रविवार को बारिश न होने से जलभराव कम हुआ, पर कीचड़ और बदबू ने लोगों का निकलना दूभर कर दिया है। हाल ही में नगर आयुक्त ने हजियापुर का दौरा कर ठेकेदारों को नालों की सफाई के निर्देश दिए थे। ठेकेदार व निर्माण विभाग के अधिकारियों ने इसे अनसुना कर दिया।
वहीं, आजमनगर मोहल्ले में हरी मस्जिद वाली गली जर्जर और बदहाल हो चुकी है। वार्ड संख्या 20 के इरफान कुरैशी ने कहा कि बारिश का पानी सड़क के गड्ढों में भर जाता है। कीचड़ और गंदगी की वजह से लोगों को निकलना मुश्किल हो गया है। शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। जनसेवा टीम के अध्यक्ष पम्मी खान वारसी ने सड़क को ठीक कराने की मांग की है।
अगर नालों की सफाई नहीं हुई है, तो निश्चित तौर पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई होगी। नालों की सफाई और आवाजाही सुचारु करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। - निधि गुप्ता वत्स, नगर आयुक्त