संक्रमित युवक को निजी मेडिकल कॉलेज में आइसोलेट किया गया है। उसके परिवार के छह सदस्यों को भी क्वारंटीन कर सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। पूरे इलाके को सील कर पुलिस फोर्स लगाई गई है। संक्रमित युवक के घर के एक किमी के दायरे को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है।
कोरोना का नया केस मिलने के बाद शहर में सड़कों पर पुलिस की सख्ती बढ़ गई। कई मुख्य सड़कों को सख्ती से वन वे कर दिया गया। कोहाड़ापीर, शाहबाद, पुराना शहर समेत कई इलाकों में बेवजह घूमते लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
सुभाषनगर के कोरोना संक्रमित परिवार के ठीक होने के बाद पुलिस लॉकडाउन में कुछ ढील देने लगी थी मगर सोमवार को हजियापुर में नया केस मिलने से हड़कंप मच गया। हजियापुर को सील करने के साथ शहर में भी सड़कों पर सख्ती शुरू हो गई। बाजारों और मुख्य चौराहों पर बैरियर लगाकर चेकिंग की गई। अयूब खां चौराहा, श्यामगंज चौराहा, सेटेलाइट चौराह, सलेक्शन प्वाइंट चौराहे समेत मुख्य मार्गों पर वन वे सिस्टम पर कड़ाई बढ़ा दी गई। लॉकडाउन और सामाजिक दूरी के नियम तोड़ने पर पुलिस ने कोहाड़ापीर, शाहबाद, पुराना शहर समेत कई इलाकों में कई लोगों के खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन के आरोप में कार्रवाई भी की।
आवश्यक
हजियापुर के संक्रमित युवक का सैंपल 25 अप्रैल को लिया गया था लेकिन उसकी रिपोर्ट आने में दो दिन का वक्त लग गया, लेकिन जब डीएम के बंगले और सीएमओ ऑफिस में हंगामा मचाने के बाद जब सरकारी स्टाफ पर खतरा मंडराया तो उसकी पत्नी और रिश्तेदार का सैंपल जांच को भिजवाया गया और उनकी रिपोर्ट महज छह घंटों में आ गई। इस पर सवाल उठ रहे हैं।
हजियापुर के युवक को 25 अप्रैल को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल लाया गया था जहां उसका सैंपल लेकर उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया था। सोमवार को उसकी पत्नी यही आरोप लगाते हुए कलक्ट्रेट, डीएम के बंगले और फिर सीएमओ ऑफिस पहुंची थी कि दो दिन बाद भी उसके पति की रिपोर्ट नहीं आई है और मेडिकल कॉलेज का स्टाफ रिपोर्ट आने तक उसका इलाज करने से इनकार कर रहा है। कुछ ही देर बाद जब युवक की रिपोर्ट आई और वह पॉजिटिव निकला तो अफसरों में घबराहट फैल गई। आनन-फानन में युवक की पत्नी और उसके साथ आए रिश्तेदार का सैंपल लेकर जांच के लिए भिजवाया गया। रिपोर्ट भी शाम को ही आ गई जिसमें दोनों निगेटिव पाए गए। इसके बाद सवाल उठे कि युवक की रिपोर्ट आने में 48 घंटों से ज्यादा वक्त क्यों लग गया। डीएम नितीश कुमार ने इसे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का मामला बताया तो सीएमओ ने इस पर कुछ कहने से इनकार कर दिया।
सीएमओ और डीएम कार्यालय में पहुंची संक्रमित युवक की पत्नी ने पति के पॉजिटिव आने के बाद फिर से सैंपल लेकर जांच कराने की मांग की थी। उसकी मांग पर शाम को स्वास्थ्य विभाग की ओर से संक्रमित युवक का दोबारा सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया मगर सैंपल डिस्ट्रैक्ट हो गया। अब मंगलवार को संक्रमित युवक का दोबारा सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जा सकता है।
कोरोना संक्रमित मिलने के बाद हजियापुर के एक किमी दायरे के इलाके को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है। यहां सोमवार दोपहर तीन बजे के बाद एक्टिव सर्विलांस के तहत 16 टीमों ने 1152 घरों का सर्वे कर 15 संदिग्ध मरीजों की स्क्रीनिंग कराई। मंगलवार को मेडिकल मोबाइल यूनिट यानी एमएमयू की टीमें पूल सैंपलिंग करेंगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक देर शाम तक संक्रमित युवक के परिवार के छह सदस्यों के साथ दूसरे सगे-संबंधियों और घर के सामने रहने वाले छह और लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया है। देर शाम तक 35 लोगों के सैंपल लिए गए जिन्हें जांच के लिए मंगलवार सुबह आईवीआरआई भेजा जाएगा। रविवार को लिए गए सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में चल रही स्क्रीनिंग में 82 संदिग्ध रोगियों की जांच की गई और संदिग्ध मिले लोगों के सैंपल लिए गए। ब्यूरो