बरेली। ओवरटेक की होड़ में टैंकर और पिकअप अनियंत्रित होकर इधर-उधर खाई में पलट गए। हादसे में टैंकर ड्राइवर वाहन में फंस गया और उसकी मौत हो गई जबकि पिकअप ड्राइवर घायल हुआ है।
फरीदपुर के गांव करनपुर कलां निवासी राहुल दूध का टैंकर और दिनेश पिकअप गाड़ी चलाता है। बताया जाता है कि रविवार रात करीब 12.30 बजे दोनों बदायूं की ओर से आ रहे थे। किसी वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश में दोनों के वाहन बुखारा रोड पर जल्लापुर गांव के पास अनियंत्रित हो गए और इधर-उधर खाई में पलट गए। टैंकर पलटने से ड्राइवर राहुल उसी में दब गया और मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन से टैंकर को हटवाकर उसका शव निकाला। वहीं, पिकअप ड्राइवर दिनेश घायल हो गया। उसके अस्पताल में भर्ती कराया गया है।