आंवला। साथियों के साथ जंगल में पशुओं का चारा लेने गए मासूम छात्र की टूटे हाईटेंशन लाइन के तार की जद में आने से झुलसकर कर मौत हो गई। सूचना घर पर पहुंची तो आनन फानन में घरवाले और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शव देखकर घरवालों में चीख पुकार मच गई। इसी बीच पहुंची पुलिस ने छानबीन की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, मृतक के पिता ने बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली क्षेत्र के मनपुरा पावर हाउस से गांव कसूमरा के रणवीर सिंह का पुत्र रोहित (10) प्राथमिक स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था। सोमवार सुबह वह अपने साथी करन और पुष्पेंद्र के साथ जंगल में पशुओं का चारा लेने गया था। इसी बीच सड़क किनारे खेत में एचटी लाइन का टूटा पड़ा था। नजर न पड़ने पर वह तार की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। साथियों ने घर जाकर सूचना दी तो घरवाले और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कोतवाल सुनील कुमार ने बताया मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसडीओ विजय कुमार ने तार टूटने के बाद ट्रिपिंग होकर आपूर्ति बाधित न होने पर जांच की बात कही है।