वैक्सीन लगवाती एक युवती। (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
मुस्लिम बहुल कस्बे सेंथल में अब तक छह हजार लोग प्रतिरक्षित
नवाबगंज। कोविड टीकाकरण को लेकर लोगों में फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए नौजवान और जनप्रतिनिधि आगे आए हैं। आशंकाओं को दूर कर पंजीकरण कराने, टीका लगवाने और केंद्र तक पहुंचाने जैसी व्यवस्थाएं कर रहे हैं। इस पहल का नतीजा ये रहा कि मुस्लिम बाहुल्य सेंथल में करीब छह हजार लोग प्रतिरक्षित हो चुके हैं। स्लॉट के तहत हर दिन 80 फीसदी लोग टीका लगवा रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक शुरुआत में जब बुजुर्गों का टीकाकरण शुरू हुआ तो कोई भी आगे नहीं आया। उस दौरान लोगों के मन में तमाम आशंकाएं थीं। जब 18 से 44 आयुवर्ग का टीकाकरण शुरू हुआ तो युवा आगे आए। उन्होंने वैक्सीन लगवाई और जब कोई दिक्कत नहीं हुई तो अन्य लोगों का भी भ्रम दूर हुआ। बुजुर्गों को समझाकर टीकाकरण केंद्र तक लाने लगे। सेंथल में करीब 11 हजार मतदाता और आबादी करीब 30 हजार है। जिसमें से अब तक छह हजार लोग प्रतिरक्षित हो चुके हैं। इसमें 70 फीसदी युवा हैं। हालांकि, अब 45 पार वाले भी टीकाकरण के लिए आगे आने लगे हैं। भ्रांतियां दूर होने से हर दिन टीकाकरण में इजाफा हो रहा है। सेंथल पीएचसी पर टीकाकरण में कोई असुविधा न हो इसलिए नगर पंचायत अध्यक्ष कंबर एजाज शानू ने सीलिंग फैन, कुर्सियां और पेयजल के लिए वाटर कूलर लगवाया है।
जुड़वां भाई कर रहे लोगों को जागरूक
लोगों को टीका लगवाने के लिए सेंथल के युवा जुड़वा भाई आबिस हसनैन और शारिक हसनैन सराहनीय प्रयास कर रहे हैं। लोगों को जागरूक करने के साथ ही, वह पंजीकरण भी कर रहे हैं। अब तक पांच सौ से ज्यादा युवाओं का वह पंजीकरण करा चुके हैं। दो सौ लोग 45 पार वाले हैं। कोरोना काल में उन्होंने लोगों की जांच कराने और इलाज आदि में काफी सहयोग किया था। दोनों भाइयों के प्रयास की लोग काफी सराहना कर रहे हैं।
खुद लगवाया, सबको बताया भी
जैसे ही 18 आयु वर्ग का टीकाकरण शुरू हुआ तो पहले दिन वैक्सीन लगवाई। 45 पार वालों को टीका लगवाने के लिए उन्हें समझाया और पंजीकरण कराने में भी मदद की। अब लोगों के मन से डर भी निकल रहा है और वह टीका लगवाने के लिए आगे आ रहे हैं। - हसन जहीर
शुरुआत में वैक्सीन लगवाने को लेकर घबरा रहा था। लोगों को वैक्सीन लगवाते देखा तो मैंने भी 15 दिन पहले वैक्सीन लगवा ली। कोई परेशानी नहीं हुई। लोगों से अपील है कि वह टीका लगवाने में बिल्कुल भी गुरेज न करें यह पूरी तरह सुरक्षित और असरदार है। - शाहजेब रजा जैदी
कोरोना महामारी से बचाव के लिए वैक्सीनेशन बेहद जरूरी है। शुक्रवार को लगे कैंप में सबसे पहले वैक्सीन लगवाई और फिर लोगों को बुलाकर उनका टीकाकरण कराया। मेरी तमाम जनता से अपील है कि कोरोना महामारी को हराने के लिए टीका लगवाएं। - फहीम हुसैन जैदी
ग्राम प्रधान बोले
लोगों को टीके की अहमियत समझा रहा हूं। सोशल मीडिया से भी लोगों से टीका लगवाने का अनुरोध किया जा रहा है। अभी गांव में वैक्सीनेशन के प्रति रुझान कम है। गांव में 1151 वोटर हैं, जिसमें से अभी तक लगभग दो सौ लोगों ने ही वैक्सीनेशन कराया है। - राजकिशोर, ग्राम प्रधान चंदुआ चमरौआ
अमर उजाला से मिले पल्स ऑक्सीमीटर का लाभ ग्रामीणों को मिल रहा है। टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जिसके चलते अब टीका लगवाने के लिए लोगों का रुझान बढ़ रहा है। कोरोना संक्रमण को हराने के लिए टीका लगवाना बेहद जरूरी है।- तस्लीम फौजी, प्रधानपति ग्राम लाड़पुर उस्मानपुर
कोरोना को हराने केेे लिए टीका लगना जरूरी है। ग्राम पंचायत सदस्यों के साथ हम टीका लगवा चुके हैं, लोगों को जागरूक किया जा रहा है। ताकि लोग खुद और उनका परिवार सुरक्षित रहे। कोरोना से बचाव की अपील की जा रही है। - प्रेम प्रकाश गंगवार, ग्राम प्रधान ईधजागीर