प्रधानाचार्य ने दी बारादरी पुलिस को तहरीर, जांच शुरू
बरेली। स्टेडियम रोड स्थित एक प्रतिष्ठित स्कूल की ऑफिशियल ईमेल आईडी किसी ने हैक कर ली है। हैकर इस मेल आईडी से स्टाफ के लोगों को आपत्तिजनक मेसेज भेज रहा है। प्रधानाचार्य ने बारदरी थाना प्रभारी से पूरे मामले की शिकायत की है।
संजय नगर स्थित स्कूल के प्रधानाचार्य की ओर से बताया गया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने स्कूल की अधिकृत मेल आईडी को हैक कर लिया है। उस आईडी से स्टाफ को जरूरी सूचनाएं दी जाती हैं मगर इन दिनों स्टाफ को आपत्तिजनक मेसेज भेजे जा रहे हैं। इसकी शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने आईडी हैक करने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इंस्पेक्टर नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि आईडी हैकिंग से संबंधित मामले में साइबर सेल की मदद से जांच कराई जाएगी। सत्यता पाई गई तो आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी।
‘किसी स्कूल की ईमेल आईडी हैक होने का मामला जानकारी में नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो साइबर टीम से इसकी जांच कराकर कार्रवाई करेंगे।’
- शैलेश पांडेय, एसएसपी
डेटा हैक कर नुकसान पहुंचा सकता है आरोपी
एसपी क्राइम रमेश कुमार भारतीय ने बताया कि इस तरह स्कूल की ईमेल आईडी हैक करने का यह पहला मामला मीडिया के जरिये जानकारी में आ रहा है। आमतौर पर स्कूल में लिपिक वर्ग के लोगों के पास आईडी ऑपरेट करने की जिम्मेदारी होती है जो तकनीकी रूप से इतने दक्ष नहीं होते जो इस तरह के फ्राड रोक सकें। पासवर्ड ज्यादा लोगों को पता होना भी समस्या पैदा कर सकता है। यह मामला साइबर सेल आएगा तो इन तथ्यों की जांच कराई जाएगी कि किसी स्तर पर चूक तो नहीं हुई। आमतौर पर स्कूल की मेल आईडी में एडमिशन व अन्य गोपनीय जानकारियों का ब्यौरा होता है जो किसी दूसरे के हाथ पड़ने पर बड़ा नुकसान कर सकता है।
प्रबंधक और प्रधानाचार्य के मोबाइल ऑफ
स्कूल के लेटरपैड पर की गई शिकायत पर केवल प्रधानाचार्य की मोहर लगी है। इसमें नाम या मोबाइल नंबर तक नहीं डाला गया है और बहुत अस्पष्ट दस्तखत किए गए हैं। इस मामले में विवरण जानने के लिए प्रिसंपल व प्रबंधक को कॉल की गई तो दोनों के नंबर स्विच ऑफ निकले।