बरेली। शील चौराहे पर खुलेआम गुंडई की घटनाएं आए दिन की बात हो गई हैं। दरोगा के पुत्र द्वारा फायरिंग और छात्रनेता के दरोगा और सिपाही को पीटने के बाद बुधवार को एक बार फिर इसी जगह दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मसला था छात्रा से छेड़छाड़ का। छात्रा ने छेड़छाड़ करने वाले लड़कों की शिकायत अपने भाई से की तो वह चौराहे पर पहुंच गया, फिर दोनों ओर के लड़कों में जमकर लात-घूंसे चले। इसी दौरान पहुंची पुलिस लड़कों को पकड़कर थाने ले आई। पीछे से दोनों तरफ के काफी लोग भी पहुंच गए, फिर समझौते की कोशिश शुरू हो गई।
प्रेमनगर इलाके के डेलीपर की रहने वाली एक किशोरी दसवीं की छात्रा है। वह शाम के समय राजेंद्र नगर स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ने जाती है। बानखाना मोहल्ले के एक छात्र ने मंगलवार को उसे रास्ते में रोक लिया। लड़की को अपने दोस्त की गर्लफ्रेंड बताते हुए उससे बात न करने की वजह पूछी। साथ ही दोस्त से बात करने के लिए दबाव डालने लगा। लड़की भड़क गई और थप्पड़ मारने की बात कही तो वह चिढ़ गया। इसके बाद कोचिंग से लौटते समय उसने अपने दोस्त के साथ उसका पीछा किया। बुधवार शाम साढ़े सात बजे भी दोनों ने छात्रा को घेरा और छेड़छाड़ की, तभी छात्रा ने अपने भाई को फोन कर बुला लिया। वह शील चौराहे पर पहुंचा तो दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। गुंडई का यह नजारा देख वहां से गुजर रहे तमाम लोग खड़े भी हो गए। इसी दौरान छेड़छाड़ करने वाला छात्र का दोस्त तो भाग गया, लेकिन छात्रा के भाई ने उसे पकड़ लिया और चौकी ले जाने लगा। इसी बीच प्रेमनगर पुलिस पहुंच गई और दोनों को पकड़कर थाने ले आई। छात्रा की ओर से तहरीर भी दे दी गई, लेकिन इंस्पेक्टर देवेश सिंह ने जांच के बाद ही रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही। इसी बीच काफी संख्या में दोनों पक्षों के लोग भी पहुंच गए और समझौते की बात होने लगी।
00
परेशान पिता ने छात्रा को ही जड़ दिया थप्पड़
छेड़छाड़ की शिकार छात्रा अपने परिवारवालों के साथ थाने पहुंची। इस दौरान दूसरे पक्षे के कुछ लोगों ने सफाई पेश करने के लिए एक युवक को भी थाने बुलाने की बात कही। छात्रा ने इस युवक को अपने चाचा का दोस्त बताते हुए तेज आवाज में एतराज जताया। यह देख छात्रा को परेशान पिता ने पुलिस के सामने ही उसे थप्पड़ जड़ दिया। इस पर पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने से बाहर जाने की हिदायत दे दी। इसके बाद सभी थाने के गेट पर खड़े होकर सुलह की बात करने लगे।
बनता जा रहा ‘मारपीट’ चौराहा
प्रेमनगर इलाके के शील चौराहे पर बीते कुछ दिनों से खुलेआम गुंडई हो रही है। छात्र नेता अनूप यादव ने अपने साथियों के साथ इसी चौराहे पर दरोगा गौरव विश्नोई और सिपाही विपिन की पिटाई कर दी थी। उसे इतनी संख्या में एक-साथ खड़े होने पर टोका भर गया था। इससे पहले इसी चौराहे पर एक दरोगा के पुत्र ने फायरिंग भी की थी। इसके अलावा भी यहां कई घटनाएं हो चुकी हैं। एहतियातन यहां पुलिस पिकेट लगा दी गई है।