कपड़ा कारोबारियों ने जीएसटी से संबंधित सवालों का समाधान कराने के लिए एक गोष्ठी आयोजित करायी। इसमें वाणिज्य कर अधिकारी पहुंचे, व्यापारियों ने दो दर्जन सवाल उठाए लेकिन समाधान नहीं हो पाया। इस पर एसोसियेशन पदाधिकारियों ने सोमवार को कारोबार बंद करने और नयी कर प्रणाली का विरोध करने की घोषणा कर दी।
बरेली होलसेल कपड़ा कमेटी ने शुक्रवार दोपहर रोटरी क्लब में जीएसटी से जुड़ी शंकाओं का समाधान के लिए गोष्ठी करायी। बड़ी तादाद में कपड़ा कारोबारी पहुंचे। कमेटी अध्यक्ष अनुपम कपूर ने व्यापारियों से दो दर्जन चुनिंदा सवाल कराए। इसमें साड़ी पर टैक्स, कलात्मक वस्त्र, स्टाक, सेल इंवाइस, ट्रांसपोर्ट बिल्टी, पर टैक्स नीति, अशिक्षित कारोबारी कैसे हिसाब रखें, रिटर्न फाइल आदि प्रमुख सवाल शामिल थे। वाणिज्य कर अधिकारी राजीव सिंह, विमलेश शुक्ला, मनीष श्रीवास्तव, जिलाजीत आदि ने बिंदुवार समाधान करने की कोशिश की। ज्यादातर सवालों पर अफसर अटक गए, इस पर कारोबारी शोर शराबा करने लगे।
गोष्ठी में सवालों का समाधान नहीं होने पर कपड़ा कारोबारियों ने पहली जुलाई से प्रस्तावित जीएसटी कर प्रणाली का बहिष्कार करने की घोषणा कर दी। रघुनाथ कपूर, प्रवीण जैन, सुनील मलिक, राजीव अरोरा, अमरजीत सिंह, गोपाल मेहरोत्रा मनीष खंडेलवाल, मदन मोहन, नरेश कुमार, मोहित कपूर आदि ने नयी कर प्रणाली अव्यवहारिक बताता। अध्यक्ष अनुपम कपूर ने बताया कि इस मुद्दे पर बरेली जिले में सोमवार को कारोबार ठप रखेंगे। कपूर ने बताया कि जिले में तीन हजार से ज्यादा रिटेल और होलसेल कपड़ा कारोबारी हैं। जिले में करीब पांच हजार करोड़ रुपये से ज्यादा हर वर्ष टर्नओवर होता है।