आंवला क्षेत्र में फर्जी फर्म बनाकर करीब तीन करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी के आरोप में पुलिस ने सुभाष गुप्ता नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। उसके बेटे प्रशांत की तलाश जारी है।
बरेली के आंवला क्षेत्र में फर्जी फर्म बनाकर कूटरचित बिलों के जरिये पिता-पुत्र ने करीब तीन करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी की। पुलिस ने आरोपी सुभाष गुप्ता को गिरफ्तार किया है। उसके बेटे प्रशांत की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
सीओ हेमंत उपाध्याय ने बताया कि कूटरचित दस्तावेज बनाकर जीएसटी का अनुचित लाभ लेने के आरोप में राज्य कर अधिकारी खंड- प्रथम शेषनाथ रावत बरेली ने 14 जून को अरविंद कुमार के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में मिले सबूत के आधार पर अरविंद की नामजदगी गलत पाई गई और बरेली के थाना इज्जतनगर के जीएन सिटी, मठ लक्ष्मीपुर निवासी सुभाष गुप्ता और उसके बेटे प्रशांत गुप्ता के नाम प्रकाश में आए।
आरोपी ने बनाई थी फर्जी फर्म
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही थी। शुक्रवार दोपहर सुभाष गुप्ता को वजीरगंज रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने बेटे प्रशांत की मदद से बरेली के शास्त्रीनगर के वार्ड 72 के मूल निवासी अरविंद के नाम से फर्जी फार्म तैयार की थी।
विज्ञापन
अरविंद फिलहाल रामपुर के घेरबाज खान में रहता है। फर्म बनाकर बिना किसी माल की प्राप्ति व आपूर्ति के फर्जी बिलों के माध्यम से आईटीसी पास कराकर करीब तीन करोड़ रुपये का अनुचित लाभ प्राप्त किया। सीओ ने बताया कि आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और पैन कार्ड भी मिला है। दूसरे आरोपी प्रशांत कि तलाश की जा रही है।