बरेली। जीआरपी व सिविल पुलिस ने ट्रेन से नोट उड़ाने के मामले की जांच शुरू कर दी है। फरीदपुर रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार रात चलती ट्रेन से नोट उड़ाने की घटना सामने आई थी। इस मामले में अभी तक कोई ठोस सबूत जीआरपी के हाथ नहीं लगा है। अब इस मामले में सिविल पुलिस ने भी जांच शुरू की है। बृहस्पतिवार को फरीदपुर थाने के इंस्पेक्टर क्राइम चमन सिंह ने स्टेशन के आसपास की बस्तियों में लोगों से पूछताछ की। वहीं, जीआरपी ने भी आस-पास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली है।
इस मामले में जीआरपी का मुखबिर तंत्र भी फेल हुआ है। नोट उड़ाने की सूचना जब तक जीआरपी को मिली, तब तक ट्रेन रवाना हो चुकी थी। इसके बाद रामपुर और मुरादाबाद जीआरपी को अलर्ट किया गया, लेकिन ट्रेन से नोट उड़ाने वाले का पता नहीं लग सका। जीआरपी थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि जांच की जा रही है। अभी कोई सुराग नहीं मिला है। स्थानीय लोग भी नोट लूटने की बात से इन्कार कर रहे हैं। संवाद