बरेली। जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रेन यात्रियों के मोबाइल लूटने वाले गिरोह के चार बदमाशों को पकड़ा लिया। गिरोह के दो बदमाश भाग निकले। टीम ने बदमाशों के पास से दस मोबाइल, एक टेबलेट बरामद किया है।
पिछले दिनों तिलहर, बिलपुर, पीतांबरपुर स्टेशनों पर ट्रेन रुकते ही यात्रियों के मोबाइल लूटने की कई घटनाएं हुईं। इन्हें संज्ञान में लेते हुए जीआरपी इंस्पेक्टर चंद्रशेखर गुप्ता ने रविवार रात प्लेटफार्म नंबर चार पर टिनशेड के नीचे बैठे बदमाश संजीव सक्सेना पुत्र कृष्ण पाल सक्सेना, जुबैर पुत्र हमीद निवासी छोटी सराय, संजीव गुप्ता पुत्र कल्याण गुप्ता, बजरंगी पुत्र ओमकार सिंह निवासी बिलपुर नई कॉलोनी थाना फतेहगंज पूर्वी को गिरफ्तार कर लिया। इनके साथी ओमेंद्र उर्फ राजू पुत्र पुत्तू और अजय विक्रम उर्फ विक्की पुत्र दिनेश निवासी लेखपाल कॉलोनी थाना फतेहगंज पूर्वी भाग गए। ये बदमाश देहात स्टेशनों पर ट्रेनों की रुकते ही यात्रियों का मोबाइल झपट्टा मारकर छीन ले जाते थे। फरार ओमेंद्र और विक्रम की तलाश की जा रही है।