बरेली। त्रिलोक विहार कॉलोनी में प्लाटिंग कर रहे ठेकेदार ने बाग के बाद रोड किनारे के पेड़ काटने की कोशिश की तो लोगों ने तीखा विरोध जताया। स्थानीय लोग शहर विधायक के यहां शिकायत करने पहुंचे। उन्होंने सीएम को ट्वीट कर भी शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि इसके बाद कटान रोक दिया गया है।
इज्जतनगर की त्रिलोक विहार कॉलोनी में हरे आम का बाग काटकर प्लाटिंग की जा रही है। इसके लिए ठेकेदार ने परमिट लिया है। अब तक ठेकेदार के लोग बाग के पेड़ काट रहे थे। कॉलोनी वालों का कहना है कि ठेकेदार ने रविवार सुबह रोड किनारे के पेड़ों को अपनी जद में बताते हुए काटने की कोशिश की। क्षेत्रवासियों ने ठेकेदार का विरोध किया। ठेकेदार ने रोड किनारे के इन पेड़ों को भी अपनी जमीन पर होना बताया तो नोकझोंक हुई।
इस बीच त्रिलोक विहार के कुछ लोग विधायक अरुण कुमार के कार्यालय पर भी पहुंच गए। हालांकि उनकी विधायक से मुलाकात नहीं हो सकी। इस बीच कुछ लोगों ने सीएम को ट्वीट कर दिया। इसके बाद ठेकेदार ने रोड पर लगे पेड़ों को फिलहाल नहीं काटा।
पेड़ कटान को लेकर मुझसे शिकायत नहीं की गई है। हो सकता है कि लोग दफ्तर आए हों। शिकायत मिली तो अनाधिकृत तरीके से हो रहा कटान रुकवाया जाएगा।
- डॉ. अरुण कुमार, शहर विधायक