1,44,786 विद्यार्थियों ने किया आवेदन, रिक्त सीटों पर बाद में फैसला
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में स्नातक कक्षाओं में प्रवेश की प्रक्रिया का तीसरा चरण मंगलवार को पूरा हो गया। आखिरी दिन कुल 1532 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन किया। इसके बावजूद 29 हजार सीटें खाली रह गई हैं। अब तक 144786 प्रवेश हुए हैं। रिक्त सीटों के संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभी कोई निर्णय नहीं लिया है। खाली सीटों पर अब प्रवेश होने की उम्मीद भी काफी कम लग रही है।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध बरेली और मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों में संचालित 540 महाविद्यालयों में चालू शैक्षिक सत्र के लिए बीए, बीएससी, बीकॉम, बीपीएड की प्रवेश प्रक्रिया 20 अक्तूूबर को पूरी हो गई। अब तक 144786 छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन एडमिशन लिया है। पहले चरण में करीब 1.44 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। दूसरे चरण में पंजीकरण कराने वालों की संख्या 1.69 लाख पहुंच गई थी। तीसरे चरण तक पंजीकरण कराने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 173844 पहुंच गई, फिर भी 29,058 सीटें खाली रह गईं। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. अमित कुमार सिंह ने बताया कि एक नवंबर से नया सत्र शुरू होने की वजह से अब प्रवेश प्रक्रिया की तिथि बढ़ने की उम्मीद नहीं है।