पीलीभीत। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के दो दिवसीय दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्यपाल दो दिन जिले में ठहरेंगी। 21 नवंबर को वह बाइफरकेशन गेस्ट हाउस और 22 नवंबर को चूका की अरण्य कुटी में रुकेंगी। वह कलीनगर तहसील के सीमावर्ती गांवों में भ्रमण भी करेंगी। शासन से राज्यपाल का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम आने के बाद अधिकारी तैयारी में जुट गए हैं। शुक्रवार को अधिकारी चूका, बाइफरकेशन व कलीनगर तहसील के गांवों में तैयारियों में जुटे रहे।
शुक्रवार देर शाम शासन ने राज्यपाल का कार्यक्रम जारी कर दिया। 21 नवंबर को 2.30 बजे राज्यपाल का हेलिकॉप्टर पुलिसलाइन में उतरेगा। यहां अधिकारियों से परिचय प्राप्त करने के बाद 2.55 बजे बाइफरकेशन के लिए रवाना होगा। 3.20 बजे बाइफरकेशन गेस्टहाउस पहुंचेंगी। 4 बजे वहीं पर वन कर्मियों से वार्ता करेंगी और गेस्ट हाउस में ही रात्रि विश्राम करेंगी। 22 नवंबर को सुबह 9.30 बजे राज्यपाल कलीनगर क्षेत्र के सीमावर्ती गांव नौजल्हा नकटहा के लिए रवाना होंगी। 10 बजे से 10.45 तक नौजल्हा नकटहा गांव के ग्रामीणों से वार्ता करने के साथ आंगनबाड़ी केंद्र का भ्रमण करेंगी।
10.45 बजे नौजल्हा नकटहा स्थित एसएसबी की बॉर्डर आउटपोस्ट पर जवानों से वार्ता के लिए रवाना होंगी। यहां 10.50 से लेकर 11.20 बजे तक का समय बातचीत के लिए रखा गया है। इसके बाद राज्यपाल ग्राम ढकिया के लिए प्रस्थान करेंगी। गांव पहुंचने के बाद 12.15 बजे तक सब्जी उगाने वाले किसानों से बातचीत करेंगी। इसके बाद राज्यपाल ढकिया गांव में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भ्रमण करने पहुंचेंगी। आंगनबाड़ी केंद्र पर 12. 45 बजे तक रुकेंगी।
12.50 बजे राज्यपाल का काफिला पीटीआर के चूका बीच पहुंचेगा। यहां वह 1.30 बजे बतक प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। रात में राज्यपाल चूका बीच में ही ठहरेंगी। 23 नवंबर को 1.30 बजे कलीनगर तहसील के गांव मटैयालालपुर के प्राथमिक स्कूल में जाएंगी। आधा घंटा यहां रुकने के बाद गांव के किसानों से बातचीत करेंगी। 2.35 बजे पुलिस लाइन के लिए रवाना हो जाएंगी। 3.20 बजे पुलिस लाइन के हेलिपैड पर पहुंचेंगी। यहां से उनका हेलिकॉप्टर कानपुर के लिए उड़ान भरेगा।
सीमांत गांवों के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र की बदलने लगी सूरत
राज्यपाल के कलीनगर तहसील के सीमावर्ती गांवों में भ्रमण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी है। डीएम के निर्देश पर शुक्रवार को कलीनगर एसडीएम शिखा शुक्ला ने अफसरों के साथ सीमावर्ती गांवों में कैंप किया। नौजल्हा नकटहा, ढकिया ताल्लुके महाराजपुर, नगरिया खुर्द कला में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नौजल्हा नकटहा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के अलावा नगरिया खुर्द कला गांव पंचायत सचिवालय और आगंनबाड़ी केंद्र को दुरुस्त कर नया रूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम के मद्देनजर सड़कों की दशा को भी सुधारा जा रहा है। एसडीएम शिखा शुक्ला ने बताया कि दौरे के मद्देनजर नौजल्हा नकटहा, ढकिया ताल्लके महाराजपुर, नगरिया खुर्द कला गांव के चयनित स्थानों को दुरुस्त किया जा रहा है।
चूका और बाइफरकेशन को सजाने में जुटे अफसर
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के आगमन को लेकर अधिकारी अरण्य कुटी और बाइफरकेशन गेस्ट हाउस को सजाने में लगे हैं। गेस्ट हाउस के कक्ष और परिसर के अलावा पुल क्षेत्र में भी मरम्मत कार्य शुरू कराए गए हैं। राज्यपाल शाकाहारी खाना खाएंगी। हालांकि खाने में क्या होगा यह अभी बताया नहीं गया है।
नगरिया खुर्द कला गांव में ग्रामीणों से वार्ता करती एसडीएम शिखा शुक्ला।- फोटो : PILIBHIT