बरेली। सीटी स्कैन अनावश्यक तो नहीं कराया जाता है, इसका ध्यान रखें। यह सुविधा पीपीपी मॉडल पर है और सरकार की ओर से भुगतान किया जाता है। सीएमओ इसका औचक निरीक्षण कराएं। साथ ही, यह भी सुनिश्चित कराएं कि कोई सरकारी डॉक्टर प्राइवेट प्रैक्टिस करते हुए न पाया जाए। यह निर्देश मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी ने बृहस्पतिवार को विकास भवन स्थित सभागार में मंडलीय समीक्षा बैठक में दिए।
मंडलायुक्त ने पूछा कि मंडल के प्रत्येक एंबुलेंस ने कितने ट्रिप किए हैं। उसकी सूची मुख्य चिकित्साधिकारी के पास भी रहे। एंबुलेंस की ट्रिप का भी औचक निरीक्षण कराएं। मंडलायुक्त ने पूछा कि टीवी मरीजों की स्क्रीनिंग में बरेली जिले की प्रगति कम क्यों हैं। इस पर सीएमओ ने बताया कि स्क्रीनिंग की गई है, एनरोलमेंट नहीं हो पाया है। मंडलायुक्त ने ई-कवच पोर्टल पर सभी जिलों की फीडिंग कराने का निर्देश दिया। मंडलायुक्त ने जीडीपी में मंडल के योगदान की जानकारी ली।
गोशाला संचालित करने वाले जिन एनजीओ की शिकायत उन्हें नोटिस दें
मंडलायुक्त को बैठक में बताया गया कि धान का मूल्य 2300 रुपये प्रति क्विंटल और धान (ग्रेड ए) का मूल्य 2320 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। धान खरीद की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंडलायुक्त ने कहा कि निराश्रित गोवंश का संरक्षण अच्छी तरह से कराएं। उन्होंने निर्देश दिया कि मंडल में गोशाला संचालित करने वाले जिन एनजीओ की शिकायतें आ रही हैं, उन्हें नोटिस जारी करें। इस पर उन्हें बताया गया कि बरेली में तीन एनजीओ को नोटिस दिया गया है। निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त को बताया गया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत दो परियोजनाओं का काम प्रगति पर है। इनमें से बदायूं में राजकीय डिग्री इंटर कॉलेज का काम 25 अक्तूबर तक पूरा हो जाएगा। इज्जत नगर में बस स्टेशन का निर्माण कार्य धनाभाव के कारण लंबित है। बैठक में डीएम बरेली अविनाश सिंह, डीएम पीलीभीत ज्ञानेंद्र सिंह, डीएम बदायूं अवनीश राय और डीएम शाहजहांपुर धर्मेंद्र प्रताप सिंह के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।