बरेली। बीते साल त्योहारी और सहालग सीजन में करीब 84 हजार रुपये पहुंचे सोने के भाव दिसंबर में लुढ़ककर 80 हजार के भीतर हो गए थे। नए साल के आगाज के साथ ही कीमतें फिर बढ़ीं। अब तक सोने का दाम 6,700 रुपये बढ़ गया। वहीं, चांदी के भाव में आठ हजार रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
सराफा एसोसिएशन से जारी आंकड़ों पर गौर करें तो बीते 24 घंटे में ही सोना 18 सौ रुपये और चांदी 16 सौ रुपये महंगी हो गई है। आने वाले दिनों में कीमतों में स्थिरता बने रहने की उम्मीद कम है। व्यापारियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की मांग बढ़ने से कीमतों में उछाल आया है। गिरावट की उम्मीद नहीं है। इधर, सहालग में महंगाई से बाजार भी प्रभावित हो रहा है। कारोबारियों का कहना है कि जिन लोगों के घर में वैवाहिक आयोजन हैं वह विवश होकर खरीदारी कर रहे हैं।
आयात शुल्क से राहत की उम्मीद टूटी
एक जनवरी को सोना का प्रति दस ग्राम भाव 78,900 रुपये और चांदी का 87,700 रुपये प्रति किलो था। अब वह क्रमश: 85,600 रुपये और 95,700 रुपये हो गया है। बरेली सराफा एसोसिएशन के महामंत्री दिनेश अग्रवाल ने बताया कि बजट में आयात शुल्क कम होने की उम्मीद थी। मेकिंग चार्ज में जीएसटी कम होने से कीमतें कम होती लेकिन इन दोनों बिंदुओं में से कोई भी फैसला नहीं हुआ। इसलिए लगातार सोना महंगा होता जा रहा है।
निवेश के लिए हो रही ज्यादातर खरीदारी
सराफा कारोबारी विशाल मेहरोत्रा ने बताया कि वैवाहिक आयोजन के अलावा सुरक्षित निवेश के लिए सोने की खरीदारी करते हैं। बजट के बाद सोना और चांदी अब तक के उच्चतम स्तर पर है। महंगाई की वजह अंतरराष्ट्रीय स्थितियां हैं। एक फरवरी को अमेरिका के अन्य देशों पर टैरिफ लगाने से डॉलर मजबूत हुआ तो रुपया और कमजोर हो गया।
हफ्ते भर में बढ़े सोने के दाम
तारीख- 24 कैरेट सोना (10 ग्राम) - चांदी (किलो)
28 जनवरी- 82,700- 92,200
29 जनवरी- 84,300- 94,000
31 जनवरी- 84,300- 94,000
1 फरवरी- 84,300- 93,700
3 फरवरी- 84,400- 93,000
4 फरवरी- 84,800- 95,700
5 फरवरी- 85,600- 95,700
नोट : सोने-चांदी के भाव बरेली सराफा एसोसिएशन के अनुसार।
अमर उजाला ब्यूरो