बरेली। एडीजी के मुरादाबाद रवाना होने के साथ ही सीएए को लेकर चल रही कवायद के लिहाज से बरेली रेंज के चारों जिलों की मॉनिटरिंग डीआईजी ने शुरू कर दी। उन्होंने अपने कार्यालय में अपराध समीक्षा के दौरान चारों जिलों के एसपी को सीएए के संभावित विरोध पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
डीआईजी राजेश कुमार पांडेय ने पुलिस अधीक्षकों से उनके क्षेत्र की स्थिति के बारे में जानकारी ली। सभी ने स्थिति ठीक बताई तो डीआईजी ने कहा कि मिश्रित आबादी वाले इलाकों में खुद भी जाएं और एसडीएम व सीओ स्तर के अधिकारियों को समन्वय रखें। सीएए को लेकर लोगों के मन में कोई गलतफहमी है तो उसे दूर करने की कोशिश करें। साथ ही सक्रिय अपराधियों के चिह्नीकरण का निर्देश दिया। कहा कि नए और सक्रिय अपराधियों की लिस्ट बनाएं और उनकी गतिविधियों पर नजर रखें। पुराने बदमाश अगर बुजुर्ग हो गए हैं या कई साल से शांत हैं तो उनकी धरपकड़ पर ज्यादा मेहनत न करें।