कॉलेज में पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ने का जज्बा, सुलभ प्रशिक्षण बना ताकत
बरेली। जिले में बास्केटबॉल, हैंडबॉल और नेटबॉल जैसे खेलों में बड़ी संख्या में छात्राएं प्रतिभाग कर भविष्य संवार रही हैं। छात्राओं का कहना है कि ये खेल उन्हें रोचक लगते हैं और इनका अभ्यास सुलभ होने के कारण पढ़ाई के साथ संतुलन बनाना आसान होता है। छात्राओं ने बताया कि उन्होंने अपने कॉलेज में साथी खिलाड़ियों को खेलते देखा तो खेलों के प्रति रुझान बढ़ा। इसके बाद परिजनों और शिक्षकों के सहयोग से वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं।
- खेलों में आगे बढ़ने का है लक्ष्य
बरेली कॉलेज में बीकॉम फर्स्ट सेमेस्टर की छात्रा यंत्रा देवी बास्केटबॉल की खिलाड़ी हैं। उन्होंने बताया कि कॉलेज में प्रवेश के बाद नियमित अभ्यास के दौरान उनका बास्केटबॉल में कौशल निखरता गया। विश्वविद्यालय स्तर पर प्रशिक्षण शिविर में जब उन्होंने अभ्यास किया और प्रतियोगिताएं देखीं, तो इस खेल के प्रति उनका रुझान बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने नेटबॉल का भी विधिवत प्रशिक्षण शुरू किया। वह नॉर्थ जोन प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुकी हैं।
- पांच वर्षों से खेल रहीं नेटबॉल का खेल
सदर क्षेत्र की रहने वाली सना मंसूरी अवंतीबाई राजकीय महिला महाविद्यालय में एमए फाइनल ईयर की छात्रा हैं। वह पिछले पांच वर्षों से नेटबॉल के खेल में पेशेवर प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। इसके साथ ही पिछले दो वर्षों से हैंडबॉल भी खेल रही हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से खेलों से जुड़ाव ने उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत बनाया है। वह ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी हैंडबॉल प्रतियोगिता में रुविवि का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
- राष्ट्रीय स्तर तक का तय किया सफर
अवंतीबाई राजकीय महिला महाविद्यालय की एमए फर्स्ट ईयर की छात्रा वर्षा पटेल बताती हैं कि जब उन्होंने कॉलेज में दाखिला लिया, तब मैदान पर नेटबॉल खिलाड़ियों को अभ्यास करते देखा। अब वह बीते चार वर्षों से नेटबॉल खेल रही हैं और हैंडबॉल भी उनका प्रिय खेल है। वर्षा हैंडबॉल में ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी और नॉर्थ जोन प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुकी हैं। वह आगे भी राष्ट्रीय स्तर पर जिले और विश्वविद्यालय का नाम रोशन करना चाहती हैं। संवाद