बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों से लापता रिश्तेदार दो युवतियां 15 दिन बाद मिल गईं, लेकिन वे अपने-अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही। इस हंगामे के बीच सोमवार को परिजन दोनों को समझाते रहे, लेकिन खबर लिखने तक मामले में समझौता नहीं हो सका।
थाना क्षेत्र एक गांव निवासी युवक का विवाह छह साल पहले क्षेत्र के ही दूसरे गांव की युवती से हुआ था। शादी के बाद विवाहिता ने दो बच्चों को जन्म दिया। इसी बीच युवक का अपनी छोटी साली के साथ प्रेम-प्रसंग हो गया। 23 अगस्त को युवक अपनी छोटी साली को लेकर चला गया।
यह भी पढ़ें- UP: 'जो रास्ते में आएगा वो मौत की नींद सोएगा' बरेली में गोल्डी बरार का नाम लिख पोस्ट करने वाला गिरफ्तार
प्रेमी के साथ रहने पर अड़ीं युवतियां
दूसरी ओर युवक की बहन का प्रेम प्रसंग पत्नी के भाई से चल रहा था। वह उसकी बहन को 24 अगस्त को लेकर चला गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस चारों को खोजकर कोतवाली ले आई। वहीं, दोनों परिवारों के लोग आपस में समझौता कराने के प्रयास में जुटे रहे। इस बीच साली जीजा के साथ रहने एवं उसके जीजा की बहन अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही।
कोतवाल अरुण कुमार ने बताया कि अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। दोनों परिवारों के लोग आपस में समझौते की कोशिश कर रहे हैं। तहरीर मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।