बहेड़ी। गुलड़िया अता हुसैन गांव में एक युवती शादी की जिद लेकर प्रेमी के घर के बाहर धरने पर बैठ गई। इसको लेकर प्रेमिका और युवक के घरवालों में मारपीट भी हुई। कुछ देर बाद युवक का शव एक खाली पड़े मकान में फंदे से लटका मिला। परिवार वालों ने प्रेमिका के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, प्रेमिका पक्ष का कहना है कि वह शादी के लिए तैयार थे। सितारगंज की युवती से रिश्ता तय कर युवक के परिजन उस पर शादी का दबाव बना रहे थे। इसी वजह से उसने खुदकुशी कर ली।
युवक की मां अख्तरी बेगम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बेटे जावेद (24) का निकाह सितारगंज की युवती से तय किया था। गांव की एक युवती जबरन उससे निकाह करना चाहती थी। रविवार रात वह दरवाजे पर आकर बैठ गई। उसके परिजनों ने भी दरवाजे पर हंगामा किया। बेटे ने समझाने की कोशिश की तो युवती के परिजन उसे पीटते हुए अपने साथ ले गए। जहरीला पदार्थ खिलाने के बाद आत्महत्या दिखाने के लिए शव फंदे से लटका दिया। वहीं, प्रेमिका के परिजनों ने बताया कि वह लोग शादी के लिए तैयार थे। जावेद के परिजन उसकी शादी दूसरी जगह कराना चाहते थे। इसी वजह से उसने आत्महत्या कर ली।
काफी समय से चल रहा था प्रेम-प्रसंग
गांव वालों ने बताया कि युवक और युवती का काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आठ महीने पहले भी युवती ने शादी के लिए प्रेमी के दरवाजे पर धरना दिया था। तब समझाने पर वह मान गई थी। इसके बाद जावेद को बकैनिया गांव में रिश्तेदार के यहां रहने के लिए भेज दिया। बीफार्मा की पढ़ाई करने के साथ वह एक डॉक्टर के यहां बतौर कंपाउडर काम करता था। रविवार रात ही वह गांव लौटा था। जानकारी पर प्रेमिका भी उसके घर पहुंच गई।
प्रथमदृष्टया आत्महत्या की बात सामने आई है। परिवार वाले जहर देकर हत्या करने और उसके बाद शव फंदे से लटकाने का आरोप लगा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। - प्रवीण कुमार सोलंकी, इंस्पेक्टर