नवाबगंज थाना क्षेत्र की एक युवती पांच दिन पहले हाफिजगंज क्षेत्र के हरहरपुर मटकली निवासी प्रेमी के साथ चली गई थी। युवती की भाभी ने प्रेमी के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी। हालांकि बाद में युवती बरामद हो गई। इसके बाद मामले में पंचायत हुई। जेल जाने के डर से प्रेमी निकाह करने के लिए राजी हो गया था लेकिन बाद में वह मुकर गया।
प्रेमी के पिता ने दिया था लिखित आश्वासन
युवती का कहना है कि पंचायत में तय हुआ था कि बुधवार दो जुलाई को दोनों को निकाह होगा। इस फैसले पर प्रेमी के पिता ने लिखित आश्वासन भी दे दिया। इस पर लड़की पक्ष ने निकाह की तैयारी शुरू कर दी। हलवाई बुलाकर बरातियों के लिए खाना बनवाया गया। घर में खुशी का माहौल था। प्रेमिका ने हाथों पर प्रेमी के नाम पर मेहंदी रचाई और बरात का इंतजार करने लगी, लेकिन प्रेमी धोखेबाज निकला। वह बुधवार को बरात लेकर नहीं आया।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: कार से कुचलकर पिता और सौतेले भाई की हत्या के आरोपी का नहीं लगा सुराग, पत्नी गिरफ्तार
जब बरात नहीं आई तो युवती के परिजनों ने प्रेमी के घरवालों को कॉल किया। प्रेमी ने निकाह करने से साफ मना कर दिया। इसके बाद दुल्हन बनी युवती अपनी भाभी के साथ सीधे कोतवाली पहुंची। उसकी भाभी ने पुलिस को तहरीर देकर प्रेमी और उसके घरवालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।