युवक ने बुधवार को करीब पांच घंटे तक कॉलेज में ड्रामा किया था। वह बोतल में पेट्रोल भरकर कॉलेज की चौथी मंजिल पर चढ़ गया था और आत्मदाह की धमकी देने लगा। बृहस्पतिवार को उसके खिलाफ प्रेमिका ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बरेली के फरीदपुर स्थित फार्मेसी कॉलेज की छत पर वीरू बनकर हंगामा करना युवक को महंगा पड़ गया। प्रेमिका द्वारा ब्लॉक करने पर कानपुर के युवक योगेश यादव ने बुधवार को कॉलेज में करीब पांच घंटे हंगामा किया था। उसके हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल थी। बृहस्पतिवार को छात्रा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन
कानपुर के मोहल्ला श्याम नगर थाना चकेरी निवासी योगेश यादव और शहर की लड़की वहां के एक ही स्कूल में कक्षा नौ से साथ-साथ पढ़े थे। दोनों के बीच प्यार हो गया। लड़के ने इंटर के बाद पढ़ाई छोड़ दी और डेयरी पर काम करने लगा। वहीं, छात्रा ने फरीदपुर के एक कॉलेज में डीफार्मा में प्रवेश ले लिया।
छात्रा ने किया था ब्लॉक
दूर रहने पर दोनों की मोबाइल फोन पर चैट और वीडियो कॉलिंग के जरिये बातें होती थीं। मंगलवार को युवक ने छात्रा को कई बार कॉल किया, लेकिन रिसीव नहीं हुआ। कुछ देर बाद छात्रा ने उसे कॉल किया तो युवक ने कॉल रिसीव न करने की वजह पूछी। इस पर झगड़ा हो गया। इसके बाद छात्रा ने उसका मोबाइल नंबर ब्लैकलिस्ट में डाल दिया।
बुधवार सुबह करीब सात बजे प्रेमी युवक कानपुर से सीधे कॉलेज पहुंच गया। वह अपने बैग में बोतल में पेट्रोल भरकर लाया था। उसने छात्रा से बात करने का प्रयास किया, लेकिन छात्रा ने बात नहीं की। इसके बाद वह कॉलेज की चौथी मंजिल पर चढ़ गया। कहने लगा कि यदि प्रेमिका उससे बात नहीं करेगी तो वह आत्मदाह कर लेगा।
आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
युवक ने करीब पांच घंटे तक ड्रामा किया। छात्रा के रोने पर स्टाफ ने समझाकर उसे शांत कराया और ऑफिस में बैठाया। इधर, स्टाफ ने पुलिस को सूचित कर आरोपी को बमुश्किल छत से उतारा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने युवक के परिजनों को बुलाया। बृहस्पतिवार को छात्रा की तहरीर पर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।