ऐसे रची साजिश
पत्नी से अवैध संबंध होने व पत्नी के अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी से परेशान दंपती ने उसकी हत्या करने का प्लान बनाया था। 27 अक्तूबर को महिला ने फोन करके मुशाहिद को दहगवां बुलाया। मुशाहिद अपनी बाइक लेकर घर वालों को बिना बताए महिला से मिलने उसके बताए स्थान दहगवां सीएचसी के पुराने भवन में पहुंच गया। किरन और मुशाहिद बात शुरू भी नहीं कर पाए कि पहले से प्लानिंग के तहत महिला का पति वहां पहुंच गया। उसे देख मुशाहिद के होश उड़ गए।
नगर पंचायत के पास छोड़ी बाइक
युवक ने पत्नी के अश्लील फोटो डिलीट करने के लिए कहा तो मुशाहिद ने मना कर दिया। इसी बात पर युवक ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर उसी के मफलर से गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को वहीं छिपाकर वहां से बाइक लेकर निकल गए। आरोपी को लगा कि अब वह पकड़ा जाएगा तो छह नवंबर की सुबह के अंधेरे में बाइक को नगर पंचायत के पास खाली पड़ी जगह पर खड़ी कर दी। शाम को पुलिस ने लावारिस बाइक बरामद की।
आरोपियों की निशानदेही पर मफलर बरामद
बुधवार को पुलिस ने सीएचसी के भवन से शव बरामद किया। भाई की तहरीर पर गुमशुदगी को हत्या की धारा में तरमीम किया गया। पुलिस ने आरोपी व उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर आलाकत्ल मफलर बरामद किया। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए दोनों को बृहस्पतिवार को जेल भेजा है। वहीं मुशहिद के शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
28 अक्तूबर को भाई ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी
अशरफ निवासी मोहल्ला कटरा शहबाजपुर थाना सहसवान ने अपने भाई मुशाहिद के बिना बताए घर से अपनी बाइक से कही चले जाने के संबंध में 28 अक्तूबर को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस तलाश कर रही थी कि दहगवां में उसका शव मिलने की सूचना मिली जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि लापता युवक का शव मिलने के बाद थाना पुलिस को घटना का सफल अनावरण करने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस ने शव बरामद होने के कुछ ही घंटों में हत्यारोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया। घटना का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया है।