सोमवार रात रामकुमार अपने रिश्तेदारों के साथ लग्न चढ़ाने आए थे। लग्न के बाद खाने पीने का दौर चल रहा था। इसी दौरान रात करीब साढ़े नौ बजे लड़का पक्ष का भगवानदास शराब पीकर खाने की प्लेट लेकर मेहमानों में घुस गया और बेवजह ही खाने की प्लेट लड़की के फूफा 48 वर्षीय मंसाराम को फेंककर मार दी। जिसके बाद विवाद बढ़ता चला गया।
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के नवाबगंज में लग्न समारोह में खाने की प्लेट को लेकर झगड़ा इस कदर बढ़ा कि लड़की के फूफा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। आठ अन्य लोग भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी को चाकू समेत गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
नवाबगंज के गांव बाकरगंज निवासी लालता प्रसाद के बेटे रमेश कश्यप की शादी बहेड़ी के गांव गुड़वारा निवासी रामकुमार की बेटी से तय हुई थी। सोमवार रात रामकुमार अपने रिश्तेदारों के साथ लग्न चढ़ाने आए थे। लग्न के बाद खाने पीने का दौर चल रहा था।
इसी दौरान रात करीब साढ़े नौ बजे लड़का पक्ष का भगवानदास शराब पीकर खाने की प्लेट लेकर मेहमानों में घुस गया और बेवजह ही खाने की प्लेट लड़की के फूफा 48 वर्षीय मंसाराम को फेंककर मार दी। उन्होंने विरोध किया तो भगवानदास गाली गलौच करने लगा और फिर दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी।
विज्ञापन
किसी ने भगवानदास के परिवार वालों को उसकी पिटाई होने की सूचना दी तो वे लोग घरों से लाठी-डंडा और लोहे की रॉड लेकर उसकी मदद में आ गए। इसके बाद वहां जमकर संघर्ष हुआ। लाठी-डंडों के बीच लोग कुर्सियां उठाकर एक-दूसरे को मारने लगे। इसी दौरान भगवानदास ने जेब से चाकू निकालकर मंसाराम समेत अन्य लोगों पर हमला कर दिया। चाकू के कई प्रहार होने से मंसाराम की मौके पर ही मौत हो गई।
बीचबचाव के दौरान लड़की पक्ष की ऊषा देवी, योगेंद्र कुमार और गांव के जयराम, अहिवरन सिंह, संजीव, शेर सिंह, अमित व लालता प्रसाद गंभीर घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने भगवानदास को मौके से ही चाकू समेत गिरफ्तार कर लिया।
फिर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों में जयराम की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले में लड़की के पिता राम कुमार ने भगवानदास, अजय कुमार, कांता प्रसाद, कृष्णपाल और पंकज के खिलाफ थाना नवाबगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई है। भगवानदास की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
लग्न समारोह में खाने के दौरान विवाद हो गया था, जिसमें लड़की पक्ष के एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश जारी है। - राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात