शाही। पड्डों को भाई के साथ पानी पिलाने गई छात्रा की तालाब में डूबकर मौत हो गई। बिना किसी पुलिस कार्रवाई के परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। घटना कस्बा के मोहल्ला सुभाष नगर में सुबह करीब नौ बजे घटित हुई। मोहल्ला के रहने वाले रामऔतार मौर्य ने बताया कि बुधवार को उनकी 12 वर्षीय पुत्री निशा अपने छोटे भाई दीपक के साथ भैंस के पड्डों को पानी पिलाने के लिए बाग के नजदीक काला तालाब पर गई थी। पानी पीते हुए पड्डे तालाब में काफी अंदर चले गए। निशा भी उनके गले की रस्सी पकड़े रही और वह भी पड्डों के साथ तालाब में पहुंच गई। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आई तो साथ गए भाई दीपक ने परिजनों को पूरी घटना बताई।
परिजन दौड़ते हुए तालाब पर पहुंचे और निशा को किसी तरह तालाब से बाहर निकाला। डॉक्टर को दिखाने पर निशा को मृत बताया गया। निशा कक्षा छह की छात्रा थी, जो दो भाई एवं दो बहनों में सबसे बड़ी थी। संवाद