बरेली में इसाइयों की पुलिया पर बृहस्पतिवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। किसी भारी वाहन ने स्कूटी सवार युवती को कुचल दिया, जिससे युवती की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक भाग निकला।
बरेली में इसाइयों की पुलिया के समीप स्कूटी सवार युवती को किसी भारी वाहन ने कुचल दिया, जिससे युवती की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। हादसा बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे हुआ। पुलिस सीसीटीवी फुटेज चेक करके वाहन का पता लगाने में जुटी है।
विज्ञापन
सेटेलाइट चौराहा चौकी प्रभारी विनय बहादुर ने बताया कि कैंट थाना क्षेत्र के नकटिया निवासी राजवीर सिंह की बेटी 32 वर्षीय मीना के साथ ये हादसा हुआ। मीना नकटिया से फ्लाईओवर पर होकर शहर की ओर स्कूटी से आ रही थी। शहर की ओर से कोई भारी वाहन तेजी से पुल पर जा रहा था। वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी।
हादसे में मीना गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल मीना को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता राजवीर ने बताया कि मीना का पति से तलाक हो चुका था। वह एक निजी अस्पताल में काम कर रही थी। कमरा लेकर अकेली ही रहती थी।