फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: बंदरों के हमले में घायल बच्ची की मौत, परिजनों ने कहा-रैबीज की वैक्सीन थी नकली

विज्ञापन
विज्ञापन
फतेहगंज पूर्वी। थाना क्षेत्र के गांव बाकरगंज में बंदरों के हमले में घायल बच्ची की सोमवार देर रात मौत हो गई। कस्बे से लेकर देहात तक बंदरों का आतंक है। बच्ची की मौत के बाद बंदरों की दहशत और बढ़ गई है। कस्बावासियों ने प्रशासन से बंदरों को पकड़वाने की मांग की है।
विज्ञापन

बाकरगंज निवासी प्रेमपाल ने बताया कि 24 अगस्त को उनकी बेटी काजल किसी कार्य से छत पर गई थी। तभी बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया था। बंदरों ने पैर में काटकर उसे जख्मी कर दिया। चीखने की आवाज सुनकर वह छत पर पहुंचे और बंदरों को भगाकर बच्ची को बचाया। बच्ची को लेकर प्रेमपाल सीएचसी फरीदपुर गए। वहां एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाई। दूसरे दिन बच्ची को बुखार आ गया और उल्टियां होने लगीं। जब वह बच्ची को लेकर दोबारा अस्पताल गए तो डॉक्टरों ने बरेली ले जाने के लिए कहा। बरेली जिला अस्पताल से डॉक्टरों ने बदायूं मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया।
26 अगस्त को वह बच्ची को लेकर बदायूं मेडिकल कॉलेज पहुंचे तो वहां के डॉक्टरों ने सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन बच्ची को घर लेकर आए और सैफई ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन रात 12 बजे बच्ची की मौत हो गई।
विज्ञापन


परिजनों का आरोप- नकली वैक्सीन लगाई
बच्ची के परिजनों ने आशंका जताई है कि हो सकता है एंटी रैबीज वैक्सीन ही नकली हो, इसलिए उसका असर नहीं हुआ। हालांकि, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
बंदर के काटने से मौत संभव नहीं : डॉ. अनुराग गौतम

सीएचसी के डॉ. अनुराग गौतम का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है, फिर भी बंदर के काटने से इतनी जल्दी किसी की मौत होना संभव नहीं है। पोस्टमार्टम से ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकता है। रैबीज का असर होने पर रोगी को पानी से भय लगने लगता है। वह उजाले से भी डरने लगता है।
बंदरों की हमले में कई लोग हो चुके हैं घायल

16 अगस्त को कस्बा की सुभाष कॉलोनी निवासी निवड़िया गांव के चौकीदार राजकुमार गली से निकल रहे थे। इसी दौरान बंदरों की धमाचौकड़ी से ईंट उनके सिर पर गिर गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी। दो महीने पहले भी गांव की बुजुर्ग महिला हरप्यारी के ऊपर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।

बंदरों को पकड़ने के लिए जल्द ही वन विभाग से संपर्क किया जाएगा। - मनीषा यादव, प्रधान, बाकरगंज

बंदरो को पकड़वाने के लिए जल्द ही अभियान चलाया जाएगा। - राजन नाथ तिवारी, ईओ, नगर पंचायत
ईओ को बोलकर जल्द ही टेंडर निकलवाया जाएगा। इसके बाद बंदरों को पकड़वाकर जंगल में छोड़ा जाएगा। - संजय पाठक, नगर पंचायत अध्यक्ष

फरीदपुर में 200 तो बहेड़ी में कोई केस नहीं
फरीदपुर में एक माह में बंदरों के हमले में 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनको एंटी रैबीज वैक्सीन लगाई गई है। नगर पालिका की ओर से बंदरों को पकड़वाने के लिए कभी कोई अभियान नहीं चलाया गया है। वहीं, बहेड़ी में छह माह में इस तरह का कोई मामला सामने नहीं आया है। फरीदपुर के पालिकाध्यक्ष शराफत जरीवाला ने बताया कि अगर कोई मांग करेगा तो अभियान चलवाकर बंदरों को पकड़वाया जाएगा।
नवाबगंज में इस माह 70 मरीज पहुंचे सीएचसी
नवाबगंज में एक माह में बंदरों के हमले में घायल 70 लोगों ने सीएचसी पहुंचकर एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाई। जुलाई में 42 लोगों को बंदरों ने जख्मी किया था। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित का कहना है कि एंटी रैबीज वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमलता राठौर का कहना है कि बंदरों को पकड़वाने के लिए अभी तक कोई अभियान नहीं चलाया गया है। न ही इस मामले में कोई शिकायत आई है। पूर्व पालिकाध्यक्ष ने बंदरों को पकड़वाने के लिए 40 हजार रुपये निकाले थे, जिसकी शिकायत शासन से की थी। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें