बालिका की मौत के बाद मौके पर एकत्र भीड़। संवाद
- फोटो : BADAUN
सहसवान (बदायूं)। कस्बे के मोहल्ला जहांगीराबाद में एक कार की टक्कर से चार वर्षीय बालिका वैष्णवी की मौत हो गई। वह सुबह अपनी ननिहाल आई थी। घर के सामने खेलने के दौरान यह हादसा हो गया। पुलिस ने कार और उसके ड्राइवर को पकड़ लिया है। कार नंबर के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है।
कस्बे के अकबराबाद मोहल्ला निवासी बंटी की जहांगीराबाद मोहल्ले में ससुराल है। परिवार वालों के मुताबिक बंटी की चार वर्षीय बेटी वैष्णवी रविवार सुबह अपने नाना छोटेलाल के घर आई हुई थी। वह सुबह करीब 11 बजे घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार में आई कार ने बालिका को टक्कर मार दी। इससे बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार वाले उसे तुरंत नजदीक के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पर इंस्पेक्टर संजीव कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने कार और उसके ड्राइवर को पकड़ लिया। बालिका के पिता बंटी ने कार चालक के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बालिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।