संपूर्णानगर-खजुरिया मुख्य मार्ग के कमलापुर तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से एक चार वर्षीय बच्ची की मौके पर मौत हो गई। टक्कर मार कर तेजी से जा रही बोलेरो को खजुरिया में पुलिस ने स्थानीय व्यापारियों के सहयोग से रोक लिया लेकिन चालक भागने में सफल रहा।
थाना क्षेत्र के कमलापुर निवासी भीम सिंह की पत्नी व दो बेटियां रविवार की शाम करीब 5 बजे संपूर्णानगर-खजुरिया मार्ग किनारे स्थित झाले से गांव आ रहे थे। तभी संपूर्णनगर की तरफ़ से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी ने उनकी एक चार वर्षीय बच्ची अंशिका को टक्कर मार दी जिससे वह गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह उठ पाती कि इससे पहले ही बोलेरो चालक ने दूसरी टक्कर मारते हुए गाड़ी उसके ऊपर चढ़ा दी। इससे अंशिका की मौके पर ही मौत हो गई।
लोगों ने गाड़ी को रोकने का प्रयास किया लेकिन उसका चालक तेजी से खजुरिया की तरफ भाग निकला। इसकी सूचना चौकी पर दी गई जहां बोलेरो को स्थानीय व्यापारियों व पुलिसकर्मियों ने बेरीकेडिंग कर रोक लिया लेकिन इसके बाद चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकलने में कामयाब रहा। गाड़ी में एक महिला व पुरुष सवारी को चौकी पर ही रोका गया है।
खजुरिया चौकी इंचार्ज जीवन सिंह ने शव का पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बच्ची की मौत से परिवार में मातम में डूब गया है तो वहीं लोगों में तेज रफ्तार वाहन सवारों के खिलाफ गुस्सा भरा हुआ है। उन्होंने तेज रफ्तार वाहन वालों पर कार्रवाई की मांग की है।