जिले की सभी गैस एजेंसी गोदामों के पर तीन दिन चलेगा अभियान
विज्ञापन
बाटमाप विभाग पर उठा सवाल: तीन दिन बीते पर नहीं की गोदाम की जांच
बरेली। भाजपा नेता की श्री सिद्धिविनायक इंडेन गैस सर्विस रजऊपारा के सिलिंडरों में घटतौली का मामला उजागर होने के अब बाट माप विभाग जिले की सभी गैस एजेंसी के गोदाम पर छापा मारेगा। मंगलवार से अगले तीन दिन तक सभी गैस एजेंसियों के गोदामों के सिलिंडरों का वजन किया जाएगा और घटतौली मिलने पर कार्रवाई होगी।
भाजपा नेता की गैस एजेंसी के सिलिंडरों की घटतौली के प्रकरण में जिला पूर्ति निरीक्षक ने जिलाधिकारी के निर्देश पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया है। उधर, वाहन में भरे चार खाली और 31 भरे सिलिंडर की ही नापजोख बाटमाप विभाग ने की। अब इसे लेकर सवालिया निशान विभागीय कार्रवाई पर लग रहा है। बताते हैं कि बड़ी तादाद में सिलिंडरों में घटतौली मिलने पर बाटमाप विभाग को गोदाम में रखे सिलिंडरों के वजन की भी जांच की जानी चाहिए थी। शनिवार से मंगलवार करीब 72 घंटे गुजरने के बावजूद जिला पूर्ति विभाग या विधिक माप विज्ञान की ओर से कोई जांच पड़ताल नहीं की गई।
अब विधिक माप विज्ञान यानी बाटमाप विभाग का तर्क है कि घटतौली मिलने पर उच्चाधिकारियों को तत्काल सूचना दे दी गई थी। उन्होंने सभी गैस एजेंसियों के गोदामों के सिलिंडरों की जांच करने के लिए अभियान चलाने को कहा था। इसी क्रम में अब टीम सभी गैस गोदामों पर पहु़ंचकर जांच करेगी। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई भी होगी।
जिले में करीब 180 गैस एजेंसी संचालित
पूर्ति विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बरेली शहर में 45 गैस एजेंसियां हैं। इसके अतिरिक्त जिले भर में करीब 135 गैस एजेंसियां हैं। छापा मारी की शुरुआत बरेली शहर से होगी। इसके बाद अन्य गैस एजेंसियों के गोदाम पर पहुंचेगी। उधर, छापा कार्रवाई किए जाने की सूचना अफसरों द्वारा सार्वजनिक किए जाने पर गैस एजेंसियों द्वारा रिकॉर्ड दुरुस्त किए जाने की आशंका जताई जा रही है। विधिक माप विज्ञान विभाग के अधिकारी मनोज ने बताया कि अभियान के तहत गोदामों पर सिलिंडरों की जांच होगी। तीन दिवसीय कार्रवाई की रूपरेखा तय कर ली गई है।