बरेली। रोडवेज के रीजनल वर्कशॉप में वर्षों से तैनात मैकेनिक और कर्मचारी खेल कर रहे हैं। बरेली डिपो के दो चालकों ने बस के गियर बॉक्स के पार्ट्स बदलने का आरोप लगाते हुए शासन में शिकायत की है, लेकिन तीन माह बाद भी कार्रवाई नहीं हो है।बरेली डिपो के चालक रामकुमार शर्मा और रामकिशन गुप्ता एक ही बस पर चलते हैं। हर रोज 500 किमी चलने पर यह बस बरेली डिपो को लोड फैक्टर के रूप में 30 हजार रुपये तक देती है। उनकी बस का गियर बॉक्स खराब हो गया तो उसे वर्कशॉप में पहुंचाया गया। चालकों का कहना है कि गियर बॉक्स पहली बार खुला था। 14 नवंबर 22 को वर्कशॉप में गियर बॉक्स को यह कहकर रोक लिया कि ऑयल सील नहीं है। कई दिन के बाद गियर बॉक्स ठीक करके दिया गया। इस दौरान गियर बॉक्स के पार्ट्स बदल कर पुराने लगा दिए गए। इससे बस के गियर बॉक्स में अक्सर खराबी आने से यात्रियों को समस्या हो रही है।
दोनों चालकों ने आरएम के बाद मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। इस संबंध में बात करने के लिए आरएम दीपक चौधरी और एसएम संजीव यादव को कई बार कॉल की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। सीएसएम रमेश कुमार का कहना है कि इस संबंध में बरेली रीजन के अधिकारी ही सही जानकारी दे सकते हैं।