- कोर्ट के आदेश दो सगे भाईयों समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
भोजीपुरा। एक व्यक्ति ने जिस व्यक्ति को जमीन बेचने के लिए अधिकृत किया। उसी ने उस भूमि पर कब्जा कर लिया। अब आरोपी जमीन मालिक से दस लाख की रंगदारी और जान से मारने की धमकी दे रहा है। कोर्ट के आदेश पर दो सगे भाईयों समेत पांच लोगों के खिलाफ भोजीपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बरेली शहर के मोहल्ला सौदागरन निवासी सोहराब अली की भोजीपुरा के गांव भीकमपुर माफी में जमीन है। सोहराब ने भीकमपुर माफी के ही सद्दाम हुसैन व सजर हुसैन को तीन मई को लिखित रूप में एक स्टांप पेपर लिखकर जमीन दे दी थी। इसमें सद्दाम व सजर हुसैन द्वारा एक लाख रुपये जमीन मालिक को देना दर्शाया गया था। जमीन मालिक का कहना है कि कोई धन राशि नहीं दी गई थी। इसके बाद दबंग भाइयों ने उस जमीन से मिट्टी की खोदाई की। तभी जमीन मालिक सोहराब अली ने जमीन से मिट्टी की खोदाई करने से रोका।
आरोप है सद्दाम व सजर हुसैन ने गाली-गलौज कर धमकी देकर जमीन मालिक को भगा दिया। सात अगस्त को ही जमीन मालिक भोजीपुरा थाने गया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उसके बाद आरोपियों ने रंगदारी मांगी, न देने पर जेल भेजने की धमकी दी। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद