बरेली। बाकरगंज से कूड़े का पहाड़ हटाने के लिए नगर निगम के भेजे गए प्रस्ताव को शासन ने मंजूर कर लिया है। शासन स्तर से टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। बाकरगंज में करीब चार लाख मीट्रिक टन कूड़ा जमा है। इस कूड़े के निस्तारण के लिए कंपनी बाकरगंज में ही प्लांट लगाकर काम शुरू करेगी।
नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने बताया कि कूड़ा निस्तारण के लिए शुरू हो चुकी टेंडर प्रक्रिया में कुछ कंपनियों ने आवेदन भी किए हैं। उम्मीद है कि अगले दो माह में कोई कंपनी प्लांट लगाकर कूड़ा निस्तारण का काम भी शुरू कर दे। उन्होंने बताया कि कूड़ा निस्तारण के बाद कंपनी जमीन समतल कर नगर निगम को सौंपे देगी। इसके बाद नगर निगम यहां कोई और प्रोजेक्ट लगाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्लांट के जरिए कूड़े से पॉलिथीन, प्लास्टिक, कांच, लोहा अलग किया जाएगा। पुराना कूड़े से मिट्टी को अलग कर उसे सड़क निर्माण में भराव के काम में लिया जाएगा। मिट्टी बेचकर कंपनी अपना खर्च निकालेगी और नगर निगम को भी इसमें से पैसा दिया जाएगा। गीले-सूखे कूड़े को अलग अलग करके ऑयल खाद बनाई जाएगी। हालांकि कूड़े के पहाड़ में अब अधिकतर सूखा कूड़ा और मिट्टी ही बची है। क्योंकि कांच, लोहा और प्लास्टिक कबाड़ी यहां से बीन चुके हैं।